उत्तराखंड के पहाड़ों में बारिश का दौर जारी, कल से चार दिन का यलो अलर्ट, दून में नौ सितंबर से एक सप्ताह तक हो सकती है बारिश
उत्तराखंड में इन दिनों पर्वतीय जिलों में बारिश हो रही है। देहरादून सहित अन्य मैदानी इलाके शुष्क बने हुए हैं। देहरादून सहित मैदानी इलाकों में नौ सितंबर से बारिश का क्रम फिर से शुरू होने का अनुमान है। ऐसे में आठ सितंबर से लेकर 11 सितंबर तक पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस बीच तापमान में भी उतार चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। हालांकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के करीब होने से रात को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)आज के मौसम का हाल
बुधवार सात सितंबर की सुबह से ही देहरादून सहित आसपास के इलाकों में धूप खिल गई थी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर जिले में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। देहरादून सहित राज्य के अन्य मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
आठ सितंबर को भी राज्य के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय इलाकों में कहीं कहीं बारिश हो सकती है। देहरादून, हरिद्वार सहित अन्य मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना कम है। हालांकि देहरादून में बादल छाए रह सकते हैं। पर्वतीय इलाकों में कहीं कहीं आकाशीय बिजली चमकने और गर्जन के साथ बारिश का अनुमान है। ऐसे में इन इलाकों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। नौ सितंबर से उत्तराखंड के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन से साथ शुरू होगी। ये क्रम 11 सितंबर को भी जारी रहेगा। ऐसे में इन तीन दिन भी पर्वतीय इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
यदि हम देहरादून के तापमान की बात करें तो बुधवार की सुबह साढ़े दस बजे तक 29 डिग्री सेल्सियस के करीब तापमान था। इसके अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। आज जिले में मौसम साफ रहने का अनुमान है। कल आठ सितंबर को देहरादून में बादल छा सकते हैं और न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़ सकता है। इसके बाद नौ सितंबर से लेकर 14 सितंबर तक देहरादून में बारिश हो सकती है। 13 और 14 सितंबर को कुछ ज्यादा बारिश हो सकती है। ऐसे में नौ सितंबर से लेकर 14 सितंबर तक देहरादून में अधिकतम तापमान 27 डिग्री से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के करीब रह सकता है।



