रुठों को मनाने में लगी है कांग्रेस, अब आई अभिनव थापर की बारी, बनाया यमनोत्री विधानसभा का प्रभारी
उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस फूंक फूंक कर कदम रख रही है। प्रत्याशियों के प्रचार अभियान को धार देने के साथ ही रुठों को मनाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। रुठने वाले लोगों में वे लोग हैं, जिन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिल पाया। अब ऐसे लोगों को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा रही है। अबकी बार कांग्रेस नेता अभिनव थापर की बारी आई। उन्हें संगठन कार्य व विधानसभा चुनाव में coordination के लिए 02 यमनोत्री विधानसभा का चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। इस संबंध में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन मथुरा प्रसाद जोशी की ओर से पत्र जारी किया गया है।उल्लेखनीय है कि देहरादून निवासी अभिनव थापर ने कैंट-देहरादून विधानसभा से कांग्रेस टिकट की दावेदारी करी थी। अंतिम समय में वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना से कैंट देहरादून के कांग्रेस प्रत्याशी की दौड़ हार गए। अभिनव थापर ने पार्टी के आदेश का पालन करते हुए कैंट विधानसभा सहित देहरादून, उत्तरकाशी व हरिद्वार जिले की कुछ विधानसभाओं में कांग्रेस प्रत्याशीयों के पक्ष में लगातार कार्य कर रहे हैं। इसको देखते हुये कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आदेश पर महासचिव संगठन मथुरादत्त जोशी ने आज अभिनव थापर को यमनोत्री विधानसभा का पर्यवेक्षक नियुक्ति का आदेश जारी किया।
अभिनव थापर कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान निजी अस्पतालों की ओर से लोगों से की गई अधिक वसूली के खिलाफ आंदोलन चला रहे हैं। उनकी ये लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक जारी है। उत्तराखंड में वे दो पीड़ितों को निजी अस्पतालों से अधिक वसूल की गई राशि को वापस दिला चुके हैं। साथ ही लोगों को इस संबंध में जागरूक कर रहे हैं, कि यदि उनके या उनकी पहचान वालों से ऐसी लूट हुई तो बिल की प्रतियां उन्हें दें। ताकि वे सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई को मजबूती से लड़ सकें। जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया जा रहा है।
यमनोत्री विधानसभा के पर्यवेक्षक अभिनव थापर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से कई वर्षों से जुड़े है और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पूरी मेहनत के साथ क्रियान्वयन किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव-2022 में यमनोत्री विधानसभा की जिम्मेदारी दी है तो वहाँ जाकर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्तओं से समन्वय बनाकर कांग्रेस प्रत्याशी दीपक बिजल्वाण को जीताने का कार्य किया जाएगा।




