अमित शाहजी मुझ पर गरजे, और लोग भी गरजेंगे, मैं तपस्यालीन उत्तराखंडी हूं, विचलित नहीं हो सकताः हरीश रावत
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक बार फिर विरोधियों को आड़े हाथ लिया। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर भाजपा पर निशाना साथा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक बार फिर विरोधियों को आड़े हाथ लिया। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर भाजपा पर निशाना साथा। साथ ही कहा कि विरोधी उन्हें विचलित नहीं कर सकते हैं। उनका लक्ष्य राज्य का विकास और उत्तराखंड का कल्याण है।गौरतलब है कि गत दिवस केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देहरादून में जनसभा में हरीश रावत का कई बार नाम लिया। उन्होंने हरीश रावत के स्टिंग आपपेशन का जिक्र किया। साथ ही डेनिस शराब की बिक्री पर भी निशाना बनाया। हालांकि इसका जवाब हरीश रावत ने कल ही प्रेस वार्ता के जरिये दे दिया था। आज भी हरीश रावत ने सोशल मीडिया के जरिये अपनी भड़ास निकाली।
उन्होंने लिखा कि कल अमित शाह जी, मुझ पर बहुत गरजे। मैं जानता हूँ कि और लोग भी गरजेंगे और बरसेंगे। मगर मैं उनसे से एक बात साफ तौर पर कह देना चाहता हूं कि मेरा चुनावी मुकाबला उनसे नहीं है। वो मेरी तुलना में बड़े ऊंचे पायदान पर हैं। मैं तो एक साधारण उत्तराखंडी हूं। जिसका लक्ष्य राज्य का विकास और आम उत्तराखंडी का कल्याण हो। उसकी तरक्की हो, उसे एक अच्छी जिंदगी जीने का अवसर मिले। उसके लिए काम करना है।
उन्होंने कहा कि मैं तो भृगु ऋषि के तरीके से तपस्यालीन उत्तराखंडी हूं। मुझे तपस्यालीन विश्वामित्र के तरीके से विचलित नहीं किया जा सकता। भाजपा के शीर्ष नेताओं का गरजना, बरसना मुझे मेरी तपस्या से विचलित नहीं कर सकता है। मैं इस गरजने-बरसने के पीछे छुपे हुये अभिप्राय को बहुत गहराई से समझता हूं। इसलिये मैं अपने लक्ष्य से इतर नहीं देखूंगा, न चलूंगा। मेरा लक्ष्य सिर्फ, सिर्फ-सिर्फ उत्तराखंडियत के झंडे को ऊंचा उठाना है।



