देहरादून की हर विधानसभा सहित प्रदेशभर में आप का हल्ला बोल, क्षेत्रीय विधायकों के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभाओं में क्षेत्रीय विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनसे पांच साल के कामों का हिसाब मांगा। पूरे प्रदेश की 70 विधानसभाओं में आप कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए विधायक से पिछले पांच सालों में किए गए पांच कामों को गिनाने की मांग करते रहे। इसके तहत देहरादून की सभी विधानसभाओं में आप कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायकों के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया गया।
डोईवाला विधायक और पूर्व सीएम के खिलाफ प्रदर्शन
डोईवाला से क्षेत्रीय बीजेपी विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेहरु कॉलोनी कार्यालय के बाहर आप कार्यकर्ता पहुंचे और कार्यालय घेराव के दौरान उन्हें पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद उनकी पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी हुई। सभी आप कार्यकर्ता इसके बाद सडक पर ही बैठकर नारेबाजी करने लगे और विधायक और पूर्व सीएम से पिछले पांच सालों के पांच काम को गिनाने की मांग करते रहे।
इस दौरान आप प्रवक्ता राजू मौर्य ने पूर्व सीएम पर आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे द्वारा पहले भी क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ फलाईओवर निर्माण में अनियमित्ताओं को लेकर प्रदर्शन किया गया था। आजतक उसपर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा पिछले पांच सालों में डोईवाला से चार साल तक विधायक सीएम रहे, लेकिन आज भी डोईवाला की जनता विकास के लिए तरस रही है।
धर्मपुर विधायक के खिलाफ आप कार्यकर्ता पहुंचे विधायक होस्टल
धर्मपुर विधानसभा के अंतर्गत आप कार्यकर्ता आप प्रवक्ता संजय भट्ट्, योगेन्द्र चौहान, हिमांशु पुंडीर के नेतृत्व में विधायक हॉस्टल के बाहर घेराव करने पहुंचे। इन्हें आता देख पुलिस को मुख्य गेट बंद करना पडा। इसके बाद वहीं धरने पर बैठकर उन्होंने धर्मपुर विधायक विनोद चमोली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनसे पांच सालों का लेखा जोखा मांगा।
राजपुर विधायक के खिलाफ बीजेपी महानगर कार्यालय के पास किया प्रदर्शन
वहीं राजपुर विधानसभा प्रभारी डिंपल सिंह के नेतृत्व में आप कार्यकर्ता बीजेपी के महानगर कार्यालय के बाहर पहुंचे और वहां उन्होंने क्षेत्रीय विधायक खजानदास के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इन 5 सालों में सभी विधायक क्षेत्रों से नदारद रहे। राजपुर विधानसभा का बुरा हाल है।
रायपुर विधायक के आवास पर पहुंचे आप कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
वहीं रायुपर विधानसभा विधानसभा के अंतर्गत क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ के घर के बाहर भी आप कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए विधायक से पांच सालों के काम का हिसाब मांगा लेकिन, क्षेत्रीय विधायक जवाब देने नहीं पहुंचे। आप कार्यकर्ताओं ने राजेश शर्मा और डॉ अंसारी के नेतृत्व में यहां पहुंचकर विधायक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कहा, विधायक पांच सालों के कोई 5 काम गिनवा दें।
कैंट विधायक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
आप कार्यकर्ताओं ने कैंट विधायक के इंदिरा नगर स्थित हरबंस कपूर के कार्यालय का घेराव कर पिछले पांच सालों का लेखा जोखा मांगा। इस दौरान आप प्रवक्ता रविन्द्र आनंद ने कहा कि विधायक जी 5 सालों में किए अपने 5 काम गिनवा दें ,लेकिन विधायक जी जवाब देने नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज जनता बीजेपी सरकार से तंग आ चुकी है। उनके विधायक सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने में लगे हुए हैं। विधायक जी अपने पुत्र को राजनीति में लाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्हें गरीब जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।



