केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा-2022 तक हर घर तक पहुंचेगा पीने का पानी
केन्द्रीय जल शक्ति एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि प्रदेश में जल जीवन मिशन की स्थिति बेहतर है और 2022 तक हर घर को पेयजल मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है। देहरादून में भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2015 तक राज्य में पेयजल आपूर्ति 8 प्रतिशत था जो कि अब 47 प्रतिशत तक है और यह राज्य सरकार का भी विकास के नजरिये को स्पष्ट करता है। राज्य में चुनाव भी है और विभाग का सुझाव है कि कर्मियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखकर और टेंडर में छूट मिले तो कार्य तेजी से होगा।उन्होंने कहा कि वह चुनाव आयोग से इस बारे में वार्ता करेंगे और यहा सर्वदलीय बैठक में भी विषय को रखेंगे जिससे मूलभूत जरुरत के विषय पर तेजी से कार्य हो सके। पानी की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए सभी ब्लाक में टेस्टिंग लैब बनाई जाएगी और वर्तमान में 27 ब्लॉक में लैब खोली गई है। टेस्टिंग के लिए प्रत्येक ग्राम से 5 महिलाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी और वर्तमान में महिलाओं को प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। टेस्टिंग रिपोर्ट प्रति दिन लैब को भेजी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के असंभव को संभव करने वाले विजन के चलते ही भारत सयुंक्त राष्ट्र के द्वारा दिए गये लक्ष्य को 11 साल पहले ही पूरा हो गया। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश को खुले में शौच से मुक्त करना बापू की 150वी जयंती के मौके पर उनको श्रद्धाजंलि होगी और यह कर दिखाया। लेकिन प्रधानमंत्री ने इसे पहला पायदान हासिल बताया और अब ओडीएफ 2 चल रहा है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र में आपरेशनल टॉयलेट बनाए जाएँगे। वहीं कचरा प्रबंधन की भी व्यवस्था हो। उतराखंड में गंगा को प्रदूषण मुक्ति के लिए नमामि गंगे में बेहतर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन हो इस पर फोकस करने की जरुरत है और उत्तराखंड इस दिशा में बेहतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के 27 विकास खंडों में इस योजना का काम प्रायोगिक रूप से चल रहा है। अन्य विकासखंडों में यह कार्य शुरू किया गया है। साथ ही शिक्षण संस्थानों, राज्य के कार्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों में भी पेयजल पहुंचाया जाएगा। उन्होंने गंगा सफाई योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इसी तरह का प्रयास अन्य नदियों के संदर्भ में किया जाएगा ताकि यह पवित्र नदियां अविरल बहती रहें। अनुबंध होने के बाद इन कामों को शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम जो काम प्रारंभ करें उसे पूर्णता प्रदान करें ताकि लोगों को उसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री बिशन सिंह चुफाल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, अनिल गोयल, मधु भट्ट, पुनीत मित्तल, कार्यालय सचिव कौस्तुबानंद जोशी, मनवीर सिंह चौहान, सुनील सैनी, संजीव वर्मा, सत्यवीर चौहान, विशाल गुप्ता समेत तमाम प्रमुख लोग उपस्थित थे।
देश के विकास के हर लक्ष्य को पूरा करेगी सरकार
केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ऋषिकेश में नमामि गंगे योजना के तहत बने चंद्रेश्वर नगर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया। मुनिकीरेती में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 15 अगस्त 2023 तक देश के विकास के लिए सभी घोषित लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी केंद्रीय मंत्रियों को खासतौर से हिमालय राज्यों में जाकर और वहां पर सरकार के कामकाज की समीक्षा करने तथा नई चुनौतियों का अध्ययन करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के विकास के लिए जो लक्ष्य स्थापित किए थे, उन्हें समयबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है।
सीएम धामी से की भेंट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में केन्द्रीय राज्य मंत्री जलशक्ति मंत्रालय प्रहलाद पटेल ने भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में जल शक्ति मंत्रालय के सहयोग से चल रहे विभिन्न कार्यों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के हर घर नल और हर घर जल का लक्ष्य जल्द पूर्ण किया जायेगा। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र 01 रूपये में एवं शहरी गरीबों को 100 रूपये में पानी का कनेक्शन दिया जा रहा है। केन्द्रीय राज्य मंत्री जलशक्ति श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय द्वारा राज्य को हर संभव सहयोग दिया जायेगा। जो प्रकरण अभी प्रक्रिया में हैं, उनमें तेजी लाई जायेगी।




