Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

June 29, 2026

गैंगस्टरों की जमानत खारिज करने वाले जज की ऑटो की टक्कर से मौत, सुप्रीम कोर्ट में हत्या का गूंज, सीबीआइ जांच की मांग

झारखंड के धनबाद में जिला एवं अतिरिक्त न्यायाधीश उत्तम आनंद की मौत ने अब नया मोड़ ले लिया है। जिसे दुर्घटना माना जा रहा था, वो अब हत्या प्रतीत हो रही है। इसकी गूंज सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई।

झारखंड के धनबाद में जिला एवं अतिरिक्त न्यायाधीश उत्तम आनंद की मौत ने अब नया मोड़ ले लिया है। शुरू में यह मामला हिट एंड रन केस के रूप में सामने आया था। अब घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी होने के बाद यह साजिशन मर्डर का मामला लग रहा है। धनबाद में तैनात उत्तम आनंद बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी पीछे से आई एक ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद वह घटनास्थल पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। बाद में शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस बीच खबर है कि धनबाद में जज को टक्कर मारने वाले ऑटो के चालक को उसके साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
जज आनंद कई गैंगस्टर की जमानत याचिका ठुकरा चुके थे। वह 15 से ज्यादा माफियाओं का केस देख रहे थे। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से यह स्पष्ट है कि टक्कर जानबूझकर मारी गई। मामले में अब यह पता चला है कि जिस ऑटो से टक्कर मारी गई वह ऑटो रात में ही चोरी हो गया था और चोरी की वारदात के तीन घंटे बाद ही उससे वारदात को अंजाम दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से साफ पता चलता है कि जज सड़क किनारे जॉगिंग कर रहे थे। पीछे से आ रहा ऑटो खाली सड़क पर सीधे जज के पास पहुंचते ही उनकी तरफ मुड़ा और तुरंत उन्हें टक्कर मार दी। यह वाकया चार सेकेंड के अंदर हुआ। जज को टक्कर मारने के बाद ऑटो वहा से तेजी से भाग गया, जबकि जज वहीं खून से लथपथ गिर पड़े। जज आनंद मूल रूप से हजारीबाग जिले के निवासी थे। उनकी पत्नी ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है.
सुप्रीम कोर्ट में गूंजा मामला
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के प्रमुख विकास सिंह ने आज सुप्रीम कोर्ट से झारखंड के धनबाद में जिला एवं अतिरिक्त न्यायाधीश उत्तम आनंद की हत्या की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। विकास सिंह ने कोर्ट में कहा कि न्यायपालिका को स्वतंत्र और न्यायिक अधिकारी को सुरक्षित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से लग रहा है कि यह सुनियोजित साजिश है।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि सड़क किनारे चल रहे जज को ऑटो ने जानबूझकर टक्कर मारी है। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने विकास सिंह से इस मामले का जिक्र सीजेआई के सामने करने को कहा है। कहा कि वह भी मुख्य न्यायाधीश को इस बारे में बताएंगे।