अब विधानसभा सत्र की तर्ज पर चलेगी जिला पंचायत बोर्ड की बैठक, उत्तरकाशी में की गई ये पहल

अब जिला पंचायत बोर्ड की बैठक विधानसभा की तर्ज पर आयोजित की जाएगी। इस संबंध में उत्तरकाशी जिला पंचायत ने पहल की है। अपर मुख्य अधिकारी ने इसे लेकर समस्त सदस्यों और पदाधिकारियों को पत्र भेजकर इसकी सूचना दी है। साथ ही विभिन्न विभागों से पूछे जाने वाले प्रश्नों की सूची भी मांगी है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक 8 से 10 मार्च के बीच प्रस्तावित है। जिलास्तरीय विभागों को सदस्यों की आरे से पूछे गए प्रश्नों के जबाव लिखित में सदन के सामने रखने होंगे। जिला पंचायत की बोर्ड बैठकों में अब तक सदस्य, सदन में मौजूद विभागीय अधिकारियों से सीधे ही प्रश्न पूछते थे। कई बार अधिकारियों को जानकारी नहीं होने के कारण सदस्यों को उनके प्रश्नों के संतोषजनक जबाव नहीं मिलते थे।

इस बार इस व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। बोर्ड बैठक में सदस्यों की ओर से पूछे जाने वाले प्रश्न पहले ही संबंधित विभाग को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। संबंधित विभाग इन प्रश्नों का जबाव लिखित में सदन के सामने रखेंगे।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी की ने उपाध्यक्ष सहित सभी जिला पंचायत सदस्यों को पत्र लिखकर आगामी बोर्ड बैठक में विभिन्न विभगाों से पूछे जाने वाले प्रश्नों की सूची मांगी है। ताकि प्रश्नों की सूची संबंधित विभाग को उपलब्ध कराए जा सकें। जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने बताया कि समय पर प्रश्नों की सूची मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी पूरी तैयारी के साथ सदन में मौजूद रहेंगे। साथ ही सदस्यों को लिखित में संतोषजनक जबाव दे सकेंगे।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






