Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 13, 2026

सऊदी अरब में बंधक जैसी स्थिति में रह रहे उत्तरकाशी के इंद्रमणि, स्वदेश वापसी के लिए सीएम धामी ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सऊदी अरब में बंधक जैसी स्थिति में रह रहे उत्तराखंड के उत्तरकाशी निवासी इंद्रमणि नौटियाल की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखा। इस पत्र में भारत सरकार के स्तर से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण में नौटियाल को आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें बंधक अवस्था से मुक्त कराकर सकुशल भारत वापस लाने के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी हस्तक्षेप का आग्रह किया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

इंद्रमणि नौटियाल पुत्र देवी राम नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां वह पिकक रोड्स एंड कॉन्ट्रेक्टिंग कंपनी, रियाद (सऊदी अरब) में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2018 में कार्य अवधि के दौरान एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई थी। इसके बाद सऊदी अरब की न्यायिक प्रक्रिया के तहत नौटियाल को एक वर्ष के कारावास तथा ट्रक बीमा एवं पंजीकरण संबंधी कमी के दृष्टिगत कंपनी मालिक पर नौ लाख सऊदी रियाल का जुर्माना लगाए जाने का निर्णय हुआ था। जुर्माने की भारतीय मुद्रा में अनुमानित राशि लगभग ₹2.29 करोड़ बताई गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

घटना के कई वर्ष बीत जाने के बावजूद कंपनी मालिक की ओर से जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया गया है और नौटियाल को कथित रूप से बंधक जैसी स्थिति में रखकर जुर्माना अदा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनकी पत्नी एवं पुत्री की ओर से अपने स्तर से नौटियाल की स्वदेश वापसी के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सहायता नहीं मिल सकी। इसके कारण परिवार मानसिक एवं आर्थिक रूप से अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

इस मामले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को भेजे पत्र में पूरे प्रकरण का संदर्भ देते हुए इंद्रमणि नौटियाल को बंधक अवस्था से मुक्त कराने, आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी सकुशल स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने के लिए तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में कठिन परिस्थितियों में फंसे किसी भी उत्तराखंडी नागरिक की सहायता के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार एवं विदेश मंत्रालय से प्रकरण में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावी हस्तक्षेप की अपेक्षा की है, ताकि नौटियाल को राहत मिल सके और उनका परिवार अपने प्रियजन की सकुशल स्वदेश वापसी की उम्मीद पूरी कर सके।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।