उत्तराखंड में आगामी दो दिनों में पहुंच सकता है मानसून, देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, जानिए मौसम पूर्वानुमान
आखिरकार इंतजार की घड़ियां समाप्त होने वाली हैं। ये इंतजार मानसून का है। इसका किसान बेसब्री से इंतजार करते हैं। हालांकि, पिछले कुछ दिन से देहरादून सहित उत्तराखंड राज्य के कई जिलों में अलग अलग स्थानों पर हर दिन झमाझम बारिश हो रही है। कई स्थान सूखे भी रह रहे हैं। अब उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश का दौर बढ़ेगा। अनुमान तो ये है कि जल्द मानसून की बारिश राज्यभर में देखने को मिल सकती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मानसून की स्थिति
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, आज 30 जून को मानसून देश की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टगंज, मोतिहारी से गुजर रही है। आगामी दो दिन के दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून के उत्तराखंड के कुछ भागों में पहुंचने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मानसून की झमाझम बारिश उत्तराखंड में संभावित है। फिलहाल आज मंगलवार 30 जून को राजधानी देहरादून में सुबह से ही कहीं कहीं आसमान में बादल हैं। बीच बीच में तेज धूप के दर्शन भी हो रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। एक जुलाई को देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में अधिकांश स्थानों पर, शेष जिलों में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। दो से छह जुलाई तक भी राज्यभर के जिलों में इसी तरह की बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर अधिक रहा। वहीं, पर्वतीय जिलों में सामान्य रहा। आगामी तीन से चार दिन में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पांच दिन का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 30 जून के लिए राज्यभर में बारिश प्रभावित जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। चार जुलाई तक अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट है। इस दौरान एक जुलाई के लिए देहरादून और बागेश्वर जिले में, दो जुलाई के लिए देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर जिले में कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना का ओरेंज अलर्ट है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
आज 30 जून की पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे तक देहरादून का तापमान अधिकतम सीमा 28 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। इसके न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है। एक जुलाई से लेकर सात जुलाई तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 26, 27, 29, 31, 29, 33, 32 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24, 24, 25, 25, 26, 26, 24 रह सकता है। सात जुलाई तक देहरादून में बादल भी रह सकते हैं। ये बादल कहीं कहीं बरस भी सकते हैं।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



