राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर बीजेपी प्रदेश प्रभारी का विवादित बयान, लोगों ने याद दिलाया अंकिता भंडारी हत्याकांड
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर आज चार जून को उत्तराखंड आ रहे हैं। उनके दौरे से पहले बीजेपी नेता एवं भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने विवादित बयान दिया। इस बयान को लेकर बीजेपी नेता की जोरदार आलोचना हो रही है। साथ ही लोग उन्हें अंकिता भंडारी हत्याकांड की याद दिला रहे हैं। कारण ये है कि उन पर भी बीजेपी के एक विधायक की पत्नी ने आरोप लगाया था कि जिस वीआईपी को सेवा देने के लिए अंकिता भंडारी की हत्या की गई थी, वह बीजेपी के प्रदेश प्रभारी हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
वहीं, हाल ही में राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले दुष्यंत गौतम ने एक प्रेस वार्ता में तंज कसते हुए राहुल गांधी के लिए कहा था कि क्या वो लड़कियों को छेड़ने आ रहे हैं? मंदिरों के अंदर। उनके इस बयान को उत्तराखंड मूल निवास भू कानून संघर्ष समिति के संयोजक मोहित डिमरी ने बेहद शर्मनाक और सत्ता के अहंकार का प्रतीक बताया है। डिमरी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड मर्यादाओं की भूमि है, लेकिन भाजपा नेताओं ने यहाँ की राजनीति को सबसे निचले स्तर पर गिरा दिया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मोहित डिमरी ने भाजपा नेता के उस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर मर्यादित शब्दों की सीमा लांघी थी। डिमरी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष के नेता के लिए ऐसी अभद्र, अमर्यादित और घटिया भाषा का प्रयोग किसी भी सूरत में जायज नहीं ठहराया जा सकता। आप राजनीतिक रूप से असहमत हो सकते हैं, नीतियों पर विरोध कर सकते हैं, लेकिन इस तरह की ओछी बयानबाजी भाजपा की मानसिक दिवालियापन को दर्शाती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी का उत्तराखंड में पूरा स्वागत है, क्योंकि लोकतंत्र में हर किसी को जनता के बीच जाने का अधिकार है। भाजपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाते हुए युवा नेता मोहित डिमरी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बयानबाजी करने वाले भाजपा नेता दुष्यंत कुमार वही शख्स हैं, जिन पर अंकिता भंडारी हत्याकांड में ‘वीआईपी’ (VIP) होने का गंभीर आरोप लगा था। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
डिमरी ने कहा कि यह कितनी बड़ी विडंबना है कि जिस व्यक्ति पर उत्तराखंड की एक मासूम बेटी की अस्मत और उसकी हत्या से जुड़े मामले में संदेहास्पद होने का आरोप हो, जिसके नाम को लेकर पूरी देवभूमि आज भी इंसाफ की गुहार लगा रही है, वह व्यक्ति दूसरों के चरित्र पर उंगली उठा रहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मोहित डिमरी ने राज्य की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सवाल किया कि आखिर किस मजबूरी के तहत ऐसे विवादित चेहरों को लगातार राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है? उन्होंने कहा कि एक तरफ अंकिता भंडारी के माता-पिता आज भी न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं और दूसरी तरफ सरकार कथित ‘वीआईपी’ को बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने उत्तराखंड की जनता से इस दोहरे चरित्र को पहचानने की अपील करते हुए कहा कि अपनी विफलताओं और गंभीर आरोपों को छुपाने के लिए विपक्ष पर घटिया टिप्पणियां करने वालों को देवभूमि की जनता कभी माफ नहीं करेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
राहुल गांधी के उत्तराखंड में कार्यक्रम
आज चार जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा में रैली को संबोधित करेंगे। इसी दिन दोपहर दो बजे पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में संवाद करेंगे। कुमाऊं व गढ़वाल मंडल की रैली से राहुल गांधी चुनावी शंखनाद करेंगे। पांच जून को देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्री व विधायकों, अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव कर रणनीति पर चर्चा करने के साथ फीडबैक भी लेंगे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए
अंकिता भंडारी हत्याकांड
बता दें कि पौड़ी जिले के यमकेश्वर प्रखंड के अंतर्गत गंगा भोगपुर स्थित वनन्तरा रिसोर्ट से 18 सितंबर 2022 की रात से संदिग्ध परिस्थितियों में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी लापता हो गई थी। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि हत्या कर उसका शव चीला नहर में फेंक दिया गया था। इस मामले में रिसोर्ट मालिक पुलकित आर्य, प्रबंधक सौरभ भास्कर और सहायक प्रबंधक अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी पुलकित आर्य पूर्व बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री विनोद आर्य का बेटा है। पुलकित आर्य रिजॉर्ट का मालिक है। विनोद आर्य और उनके दूसरे बेटे अंकित आर्य को बीजेपी ने निष्कासित कर दिया था। इस मामले में चर्चा ये भी रही कि किसी वीआईपी को खुश करने के लिए अंकिता पर दबाव बनाया जा रहा था। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस मामले में राजनैतिक रूप से प्रभावशाली व्यक्तियों के शामिल होने और ढ़ंग से जाँच नहीं होने के कारण राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार मिला। अंकिता की माँ के दावों से मामले को अधिक तूल मिला। पुलिस के आरोप में प्रभावशाली व्यक्तियों के शामिल होने के दावे को शामिल नहीं किया। आज तक वीआईपी के नाम का खुलासा नहीं हुआ। इस मामले के प्रमुख अभियुक्त पुलकित आर्य (रिज़ॉर्ट के मालिक), अंकित गुप्ता (रिज़ॉर्ट के सहायक प्रबंधक) और सौरभ भास्कर (रिज़ॉर्ट के प्रबन्धक) हत्या की बात कबूल कर ली। कोटद्वार कोर्ट में हुई सुनवाई में तीनों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस मामले में नया खुलासा बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की दूसरी पत्नी उर्मिला सनावर ने वीआईपी के नाम को लेकर किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में डाला गया। इसमें दावा किया गया कि वीआईपी बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम हैं। साथ ही राज्य में बीजेपी के एक पूर्व महामंत्री संगठन का नाम भी इस प्रकरण से जोड़ा गया है। ऐसे में नाम सामने आने के बाद इस हत्याकांड में सैकड़ों सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, बीजेपी के प्रदेश के महामंत्री संगठन अजय कुमाार का नाम भी इस हत्याकांड में काफी समय पहले ही आ चुका है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस नए खुलासे के बाद से ही हत्याकांड की हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराने और वीआईपी सहित अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों के साथ ही आम लोग सड़कों पर उतर गए थे। सीएम धामी ने इस मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति केंद्र सरकार को भेजी है। ये संस्तुति एनजीओ चलाने वाले पर्यावरणविद् डॉ. अनिल जोशी की ओर से दर्ज एफआईआर के बाद की गई।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।


