उत्तराखंड में बारिश का क्रम हुआ धीमा, एक सप्ताह और जारी रहेगा सिलसिला, देहरादून में फिर से होंगे गर्म दिन
उत्तराखंड में फिलहाल पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि, बारिश का क्रम कुछ धीमा पड़ा है और लगातार बारिश की बजाय कुछ ही देरी की बारिश हो रही है। इसके साथ ही राजधानी देहरादून में फिर से गर्म दिन होने लगे हैं। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में भूस्खलन से चलते सड़कें अवरुद्ध होने का सिलसिला जारी है। रविवार 25 अगस्त की शाम तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में करीब 142 सड़कें अवरुद्ध थीं। इनमें एक एनएच, लोक निर्माण विभाग की 51 सड़कें और पीएमजीएसवाई की 90 सड़कें शामिल हैं। बारिश के दौरान मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति से भी लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का मौसम
सोमवार 26 अगस्त को राजधानी देहरादून में सुबह से ही तेज धूप निकल गई। राज्य के अन्य इलाकों में भी कहीं कहीं बादल हैं तो कहीं धूप है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 26 अगस्त से एक सितंबर तक राज्य के जिलों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश का क्रम जारी रहेगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इन जिलों में है अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 से 28 अगस्त तक के लिए राज्यभर में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर का येलो अलर्ट जारी किया है। 29 अगस्त को उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले को छोड़कर अन्य सारे जिलों में येलो अलर्ट है। 30 अगस्त के लिए किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
देहरादून में पिछले चार दिनों से एक बार फिर से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल होने लगे हैं। सोमवार 26 अगस्त की दोपहर करीब पौने 12 बजे तक देहरादून का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है। 27 अगस्त से लेकर दो सितंबर तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 30, 31, 30, 31, 33, 32, 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री रहने की संभावना है। 31 अगस्त को छोड़कर आज से लेकर दो सितंबर तक देहरादून में हर दिन बारिश की संभावना बनी रहेगी।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



