शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में बीस रुपये की चाय पर चुकाया 50 रुपये का सर्विस टैक्स, वायरल हुआ 70 रुपये का चाय का बिल
ट्रेन में सफर के दौरान यदि आपको बीस रुपये की चाय के भुगतान के रूप में 70 रुपये अदा करने पड़ें तो इसे क्या कहेंगे। यदि आपको ऐसे भुगतान से बचना है तो टिकट बुकिंग के समय ही इसका ध्यान रखना होगा। अन्यथा खानपान की वस्तु पर आपको सर्विस टैक्स के रूप में 50 रुपये अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं। क्योंकि रेलवे के नियम यही कहते हैं। अब ऐसा ही एक चाय का बिल सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। एक कप चाय की कीमत 20 रुपये है, लेकिन उस पर 50 रुपये सर्विस टैक्स जोड़कर 70 रुपये का बिल यात्री ने चुकाया है।बता दें कि रेलवे के मुताबिक, अगर कोई यात्री एक्सप्रेस ट्रेन का टिकट बुक करते समय कोई खाना प्री-ऑर्डर नहीं करता है, तो उसे सवारी के दौरान कुछ ऑर्डर करते समय 50 रुपये का सर्विस चार्ज देना होगा। भारतीय रेलवे ने 2018 में एक सर्कुलर जारी किया था। सर्कुलर में कहा गया है कि, जब कोई यात्री राजधानी या शताब्दी जैसी ट्रेनों में रिजर्वेशन करते समय फूड की बुकिंग नहीं करता है, तो चाय, कॉफी या भोजन ऑर्डर करने के लिए ₹ 50 का सेवा शुल्क देना पड़ता है। कहा गया है कि-यदि कोई यात्री जिसने टिकट बुकिंग के समय खान-पान सेवाओं का विकल्प नहीं चुना है और यात्रा के दौरान भोजन खरीदने का फैसला करता है, तो उसे हर फूड के लिए 50 रुपये की अतिरिक्त राशि अधिसूचित की गई है। भोजन के लिए खानपान शुल्क, आईआरसीटीसी के ऑन-बोर्ड सुपरवाइजर द्वारा लिया जाएगा।
20 रुपये की चाय पर 50 रुपये का टैक्स, सच मे देश का अर्थशास्त्र बदल गया, अभी तक तो इतिहास ही बदला था! pic.twitter.com/ZfPhxilurY
— Balgovind Verma (@balgovind7777) June 29, 2022
अब ट्वीटर पर यूजर्स चाय के रेट को लेकर कई मजेदार और व्यंग्यात्मक टिप्पणियां कर रहे हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीर से पता चलता है कि एक ट्रेन यात्री ने एक कप चाय के लिए ₹70 रुपये चुकाए। इसमें चाय पर लगने वाला सर्विस चार्ज 50 रुपये है। तस्वीर में दिख रहा है कि यात्री ने 20 रुपये के चाय के लिए 50 रुपये का सर्विस चार्ज दिया। घटना उस समय हुई, जब यात्री 28 जून को शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में दिल्ली से भोपाल जा रहा था। टैक्स इनवॉइस की तस्वीरें ट्विटर पर वायरल हो गई हैं।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






