चार दिन के भीतर मेडिकल कॉलेज के 30 छात्र मिले कोरोना संक्रमित, नहीं है किसी की कोई ट्रेवल हिस्ट्री
कर्नाटक के कोलार जिले में कोरोना के बड़े संक्रमण का पता चला है। कोलार के श्री देवराज उर्स मेडिकल कॉलेज में पिछले चार दिनों में 30 छात्र कोरोना संक्रमित मिले हैं।
कर्नाटक के कोलार जिले में कोरोना के बड़े संक्रमण का पता चला है। कोलार के श्री देवराज उर्स मेडिकल कॉलेज में पिछले चार दिनों में 30 छात्र कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोलार के मेडिकल कॉलेज में 30 छात्रों को टेस्ट के बाद कोविड पॉजिटिव पाया गया है। इस पर अन्य सभी छात्रों का ऐहतियातन कोविड टेस्ट कराया जा रहा है।राहत की बात है कि इन छात्रों की हालत स्थिर है और अस्पताल में उनकी देखरेख की जा रही है। इनमें से किसी भी छात्र की कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। ना ही कोई विदेश से होकर हाल ही में लौटा है। जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक करीब 1160 मेडिकल छात्रों और शिक्षकों का टेस्ट कराया गया है। इनमें से 30 कोरोना संक्रमण का शिकार पाए गए हैं। सभी संक्रमितों के सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग भी कराई जा रही है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं वो ओमिक्रॉन वैरिएंट से तो संक्रमित नहीं हैं।
उधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि वह कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर वह रविवार को कोविड-19 पर विशेषज्ञों के साथ बैठक करेंगे। बोम्मई ने कहा कि देश में ओमिक्रॉन के मामले बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र, केरल के साथ-साथ तमिलनाडु में भी कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। सभी महत्वपूर्ण लोगों के साथ चर्चा करूंगा और वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए अगले कदम पर फैसला करूंगा।
नाइट कर्फ्यू के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में इस पर निर्णय लिया जाएगा। बूस्टर डोज देने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर बोम्मई ने कहा कि केंद्र इस पर फैसला करेगा। कर्नाटक में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के संक्रमण के 31 मामले आए हैं। ज्यादातर संक्रमितों में किसी तरह के लक्षण नहीं थे। इनमें बच्चों-किशारों को छोड़कर सभी का टीकाकरण किया जा चुका है।



