भारत में कोरोना के नए केस में 2.98 फीसद की वृद्धि, उत्तराखंड में 18 दिन बाद एक मौत
भारत में एक बार फिर से कोरोना के नए केस धीरे धीरे बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान नए कोविड-19 केसों में 2.98 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, उत्तराखंड में 18 दिन बाद कोरोना से एक मौत ने चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार 22 अप्रैल की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,451 नए मामले सामने आए। इस दौरान 54 लोगों की मौत भी हुई है। देश में देश में एक्टिव केसों की संख्या 14,241 हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना के 1,589 मरीज़ ठीक भी हुए। भारत में अब तक ठीक हो चुके लोगों की तादाद बढ़कर 4,25,16,068 हो गई है। अब तक कुल 4,30,52,425 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। अब तक कोरोना से कुल 522116 लोगों की मौत हो चुकी है। कोविड के खिलाफ राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 1,87,26,26,515 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। इनमें पिछले 24 घंटे के दौरान दी गईं 18,03,558 डोज़ शामिल हैं।पिछले सात दिन के आंकड़े
देश में गुरुवार 21 अप्रैल को कोरोना के 2380 नए केस और 56 लोगों की मौत, बुधवार 20 अप्रैल को कोरोना के 2,067 नए केस और 40 लोगों की मौत, मंगलवार 19 अप्रैल को कोविड-19 के 1,247 नए केस और एक मरीज की मौत, सोमवार 18 अप्रैल को कोरोनावायरस के 2183 नए केस और 214 लोगों की मौत, रविवार 17 अप्रैल को कोरोना वायरस के कुल 1150 नए केस और चार लोगों की मौत, शनिवार 16 अप्रैल को कोविड-19 के 975 नए केस और चार लोगों की मौत, शुक्रवार 15 अप्रैल को 949 नए कोविड-19 केस और 6 लोगों की मौत हुई थी।
उत्तराखंड में धीरे धीरे बढ़ रहे एक्टिव केस
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। एक बार फिर नए संक्रमितों में कमी दर्ज की गई। नए संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या भी कम है। ऐसे में एक्टिव केस धीरे धीरे बढ़ रहे हैं। वहीं, 19 दिन के बाद एक मरीज की कोरोना से मौत हो गई। गुरुवार 21 अप्रैल की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के छह नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले बुधवार 20 अप्रैल को सात नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो गुरुवार को 727 केंद्रों में 10162 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
उत्तराखंड की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2022.04.21 Health Bulletin
कोरोना से अब तक 7693 मौत
उत्तराखंड में एक जनवरी 2022 से लेकर अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 92269 हो गई है। इनमें से 88735 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान एक मरीज स्वस्थ हुआ। एक्टिव मरीजों की संख्या 40 से बढ़कर 44 हो गई है। कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक प्रदेश में कुल 7693 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वहीं, एक जनवरी 2022 से अब तक 275 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। इस अवधि में मौत की दर 0.30 फीसद है। इस अवधि में रिकवरी दर 96.17 फीसद है। सात मई 2021 को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई 2021 को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई। तीसरी लहर में एक फरवरी को सर्वाधिक 18 लोगों की मौत दर्ज की गई।



