उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों से ज्यादा मरीज हुए स्वस्थ
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। एक बार फिर से नए संक्रमितों की संख्या में मामूली बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। राहत की बात ये है कि तीसरे दिन भी किसी मरीज की कोरोना से मौत नहीं हुई। साथ ही नए संक्रमितों से ज्यादा लोग स्वस्थ हुए। सोमवार 11 जुलाई की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 48 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले रविवार 10 जुलाई को 46 नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो सोमवार को 850 केंद्रों में 10233 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।उत्तराखंड की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2022.07.11 Health Bulletin
कोरोना से अब तक 7697 मौत
उत्तराखंड में एक जनवरी 2022 से लेकर अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 94144 हो गई है। इनमें से 90193 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 57 मरीज स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 329 है। कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक प्रदेश में कुल 7697 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वहीं, एक जनवरी 2022 से अब तक 279 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। इस अवधि में मौत की दर 0.30 फीसद है। इस अवधि में रिकवरी दर 95.80 फीसद है। सात मई 2021 को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई 2021 को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई। तीसरी लहर में एक फरवरी 2022 को सर्वाधिक 18 लोगों की मौत दर्ज की गई।



