Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 10, 2026

उत्तराखंड के दो जिलों में सर्दी का यलो अलर्ट, एक सप्ताह तक मौसम रहेगा शुष्क, धीरे धीरे तापमान बढ़ने से मिलेगी राहत

इस बार उत्तराखंड में सर्दियों के मौसम में बारिश दगा दे गई है। साथ ही ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी भी नाममात्र की हुई है। तापमान में भी उतार चढ़ाव का दौर जारी है। हालांकि, मंगलवार तीन जनवरी को भी ज्यादा सर्दी का अहसास होगा। इसके बाद तापमान में भी धीरे धीरे बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। ऐसे में सर्दी से कुछ राहत जरूर मिल सकती है। फिलहाल आगामी एक सप्ताह तक बारिश की उम्मीद कम है। हालांकि, मैदानी इलाकों में कोहरा जरूर छाया रहेगा। वहीं, देहरादून में भी छह जनवरी से बादल डेरा डाल लेंगे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

आज के मौसम का हाल
मंगलवार तीन जनवरी को देहरादून सहित आसपास के इलाकों में मौसम साफ है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। उधमसिंह नगर, हरिद्वार जिले के कुछ भागों और उससे लगे मैदानी इलाकों सुबह के समय घना कोहरा जरूर रहा। दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट रहा है। ऐसे में इन दो जिलों में सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

आगामी मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सात जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। इस बीच हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में चार और पांच जनवरी को कोहरा छाया रहेगा। बाकी स्थानों पर मौसम साफ होने के कारण दिन के समय धूप का आनंद लिया जा सकता है। हालांकि कभी कभार कुछ जिलों में बादल जरूर छाए रह सकते हैं। यदि हम देहरादून की ही बात करें तो छह जनवरी से लेकर 10 जनवरी तक देहरादून के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

तापमान की स्थिति
मंगलवार तीन जनवरी की सुबह करीब साढ़े दस बजे देहरादून का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 16 डिग्री और न्यूनतम छह डिग्री रहने की संभावना है। ऐसे में आज का दिन भी कुछ ज्यादा सर्द है। चार जनवरी को तापमान में उछाल आएगा और पांच जनवरी तक अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहने की संभावना है। छह जनवरी से लेकर दस जनवरी तक अधिकतम तापमान 19 डिग्री से लेकर 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री से लेकर 12 डिग्री तक रहने की संभावना है। ऐसे में धीरे धीरे सर्दी का अहसास कुछ कम होता जाएगा।