Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 2, 2026

विश्व सिकल सेल एनीमिया जागरूकता दिवसः गूगल मीट के जरिये एम्स एक्सपर्ट ने दूर की लोगों की जिज्ञासा

विश्व सिकल सेल एनीमिया जागरूकता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश की ओर से गूगल मीट का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न स्थानों से लोगों ने प्रतिभाग किया और संबंधित बीमारी के बारे में जानकारी हासिल की।

विश्व सिकल सेल एनीमिया जागरूकता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश की ओर से गूगल मीट का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न स्थानों से लोगों ने प्रतिभाग किया और संबंधित बीमारी के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने संस्थान के बाल रोग विशेषज्ञों से कई प्रश्न भी पूछे। एम्स निदेशक पदमश्री रविकांत के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत कुमार वर्मा और डॉ. विनोद ने लोगों से बातचीत की और उनके सवालों का जवाब दिया। इस दौरान भविष्य में जन्म लेने वाले बच्चे में यह रोग होने की संभावना को लेकर बताया गया कि यदि माता-पिता दोनों SCA के वाहक (carrier) हैं, तो प्रत्येक गर्भावस्था में SCA वाले बच्चे के होने का जोखिम 25 प्रतिशत रहता है।
प्रभावित व्यक्ति की संतानों में रोग संचरण की संभावना के सवाल पर चिकित्सकों ने बताया कि यदि पति या पत्नी को कोई वंशानुगत हीमोग्लोबिन और अन्य विकार नहीं है तो सभी संतान रोग वाहक (carrier) होंगे।
इस रोग में जीवनशैली के संबंध में बताया गया कि प्रतिदिन फोलिक एसिड की खुराक लें, साथ ही स्वस्थ आहार चुनें और भरपूर मात्रा में पानी का सेवन करें। इसके अलावा उन्होंने नियमितरूप से संतुलित व्यायाम करने का भी सुझाव दिया है, साथ ही उनका कहना है ​कि अत्यधिक व्यायाम से बचने का प्रयास करना चाहिए।
लोगों के सवालों का उत्तर देते हुए बाल रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इस रोग में बरती जाने वाली सावधानियों के बाबत बताया। कहा कि अत्यधिक गर्म या बहुत ठंडी स्थिति से बचने की कोशिश करनी चाहिए, कम ऑक्सीजन के स्तर वाली जगहों या स्थितियों से बचने की कोशिश करें, मसलन पहाड़ पर चढ़ना या बहुत कठिन व्यायाम करने तथा अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने से बचने की कोशिश करनी चाहिए। आयोजन में बाल रोग विभागाध्यक्ष डा. नवनीत कुमार भट्ट, जूनियर रेजिडेंट डा. कंवर, नर्सिंग इंचार्ज लेखराज मीणा आदि ने सहयोग किया।
सिकल सेल एनीमिया का कारण
यह एक आनुवंशिक रोग है। इसमें सामान्य गोल और लचीली रक्त कोशिकाएं कठोर और हंसिया के आकार की हो जाती हैं। इसके कारण वह रक्त कोशिकाओं और ऑक्सीजन को शरीर के चारों ओर स्वतंत्ररूप से घूमने से रोकती हैं।
सिकल सेल एनीमिया के लक्षण
खून की कमी, थकान, छाती, पेट और हड्डियों में दर्द, हाथों और पैरों की सूजन, बच्चों का विकास देर से होना, बार-बार संक्रमण का होना।
ऐसे लगा सकते हैं सिकल सेल एनीमिया का पता
सिकल सेल एनीमिया का आमतौर पर नवजात स्क्रीनिंग कार्यक्रमों के माध्यम से अथवा हीमोग्लोबिन इलेक्ट्रोफोरेसिस परीक्षण के माध्यम से पता लगाया जाता है।
खतरे के लक्षण
सिकल सेल एनीमिया से ग्रसित व्यक्ति को निम्न में से कोई भी समस्या हो सकती है। ऐसा हो तो उसे शीघ्र अपने चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। इस बीमारी के लक्षण में बुखार, हाथ या पैर में सूजन, पेट, छाती, हड्डियों या जोड़ों में तेज दर्द आदि शामिल हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार चिकित्सा विज्ञान में उन्नति के कारण वर्तमान में यह बीमारी लाइलाज नहीं रही,अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण से लेकर आनुवंशिक परीक्षण तक सभी सुविधाएं हमारे देश में उपलब्ध हैं। लिहाजा मरीजों को इस बीमारी के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है,जिससे समय रहते इसका निस्तारण किया जा सके।