कब होगी सीबीआई जांच और कब होंगे आयोग के अध्यक्ष बर्खास्त, जबाब दे प्रदेश सरकारः सूर्यकांत धस्माना
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक के मामले में परीक्षा रद्द करने की सीएम धामी की घोषणा के बाद प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर फिर हमला बोल दिया है। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि विगत 21 सितंबर को आयोजित यूकेएसएसएससी परीक्षा के मामले में सरकार ने पेपर लीक से साफ इनकार कर दिया था। इसे मात्र एक सेंटर में नकल का मामूली मामला बताया गया था। फिर सरकार ने खुद ही मान लिया कि पेपर लीक हुआ है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने कहा कि सरकार व भाजपा ने इस लीक के खिलाफ आंदोलनरत नौजवानों व प्रदेश के लाखों युवाओं, आंदोलनरत परीक्षार्थियों का समर्थन करने वालों को अर्बन नक्सल, देश द्रोही, टुकड़े टुकड़े गैंग, सनातन विरोधी और नकल जिहादी जैसे अलंकार से बदनाम करने की कोशिश की। अब ऐसे आरोप लगाने वाले लोगों को कान पकड़ कर माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि पेपर लीक के मामले की सीबीआई जांच और फिर बाद में परीक्षा रद्द करने की सीएम की घोषणा ने साबित कर दिया कि पेपर लीक हुआ था। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कांग्रेस नेता धस्माना ने कहा कि राज्य की सरकार ने एकल सदस्य जांच आयोग की सिफारिश पर पेपर रद्द तो कर दिया, परन्तु जनता को यह नहीं बताया कि पूरे प्रकरण की और इस नकल माफिया और इसके करताधर्ताओ को संरक्षण देने वालों का खुलासा करने के लिए सीबीआई की जांच कब शुरू होगी। क्योंकि सीएम धामी इस जांच की संस्तुति कर चुके हैं। साथ ही इस पूरे पेपर लीक के लिए जिम्मेदार यूके एसएसएससी अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया को सरकार कब बर्खास्त करेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पहले ही दिन तीन सूत्री मांग को लेकर राज्य व्यापी आंदोलन शुरू किया था। आज भी पार्टी का यह मानना है कि केवल पेपर रद्द करना काफी नहीं है, बल्कि सरकार को केंद्रीय ग्रह मंत्रालय से बात कर सीबीआई जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में शुरू करवानी चाहिए। साथ ही आयोग के अध्यक्ष को तत्काल बर्खास्त करने की घोषणा करनी चाहिए। अन्यथा कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पत्रकारों की ओर से केदारनाथ में वीवीआईपी श्रद्धालुओं से पैसा ले कर उनको दर्शन करवाने के पंडा पुरोहित समाज के आरोपों के बारे में धस्माना ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है कि भगवान के दर्शन करवाने के लिए रिश्वत ली जा रही है। आम श्रद्धालुओं की दिक्कत परेशानी सुविधाओं व उनके दर्शन के इंतजाम खस्ता हाल हैं। वह इस मामले में सरकार व मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल, पार्टी नेता लखीराम बिजलवाण, गुल मोहम्मद व संतोष नैनवाल उपस्थित रहे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



