उत्तराखंड का मौसमः दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री का अंतर, बढ़ने लगी है सर्दी, बारिश के नहीं हैं आसार
उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदानों में धूप खिल रही है। आगामी एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। दिन और रात के तापमान में नौ से 11 डिग्री सेल्सियस का अंतर होने के चलते सुबह, शाम और रात को जोरदार सर्दी पड़ने लगी है। वहीं, दिन में धूप के चलते राहत है। आने वाले दिनों में भी लगभग इसी तरह का मौसम रहेगा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, छह दिसंबर तक राज्यभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)तापमान की स्थिति
शुक्रवार दो दिसंबर की सुबह दस बजे तक देहरादून का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कल तीन दिसंबर को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट संभव है। चार दिसंबर को अधिकतम तापमान बढ़कर 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री हो सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इसके बाद पांच और छह दिसंबर को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रह सकता है। सात और आठ दिसंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। नौ दिसंबर को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रह सकता है। इस बीच आज और कल देहरादून में बादल छाए रह सकते हैं।



