बस्तियों और मोहल्लों में हो रहा जलभराव, कांग्रेसियों ने किया डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन
उत्तराखंड में लगातार बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी है। नदी, नालों की समुचित सफाई नहीं होने से बस्तियों और मोहल्लों में पानी घुस रहा है। इन परेशानियों को लेकर कांग्रेस नेताओं के साथ देहरादून के कुछ मोहल्लों के लोगों ने जिलाधिकारी के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान एडीएम शालनी सिंह को ज्ञापन भी सौंपा गया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
प्रदर्शन करने वालों में वार्ड 78 के पार्षद रमेश कुमार मंगू, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा और क्षेत्रवासी शामिल थे। उनका कहना था कि ऑगलभट्टा क्षेत्र में भारी जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पूर्व विधायक राजकुमार ने बताया कि स्मार्ट सिटी के नाम पर शहर की हालत बदहाल है। सड़कों में पानी से भरे गड्ढे हैं। लोग चोटिल हो रहे है। नगर निगम को बरसात से पूर्व ही सारी व्यवस्थाओं को सही करना चाहिए था, लेकिन कर नहीं पाया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने बताया कि हर जगह भारी जलभराव से जनता परेशान है। क्लेमेंटटाउन, राजपुर, नवादा के लोग भी परेशान हैं। हमनें बरसात पूर्व भी प्रशासन को अवगत कराया था कि समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाए। यदि ऐसा होता तो शहर यूं जलमग्न नही होता। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पार्षद रमेश कुमार मंगू ने कहा कि इस बस्ती में हर बार बरसात में लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। इससे हर बार भारी नुकसान लोगों को सहना पड़ता है। जलभराव का मुख्य कारण बस्ती के अंदर एक पुराना नाला है। इसके ओवर फ्लो होने से हर बार घरों में पानी घुसता है। कई बार हम प्रशासन से नाले को बस्ती से बाहर कराने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। विधायक से भी गुहार लगाई। उन्होंने 2017 में वादा भी किया। अभी तक कुछ भी कार्य नही हुआ। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
प्रदर्शन करने वालों में मानवेन्द्र बिष्ट, सिद्धार्थ वर्मा, शिक्षा देवी, उर्मिला देवी, सुनीता बिष्ट, बिंद्रा प्रसाद, अरुण, विमल, गणेश थापा, राजकुमार, मन सिंह, पारेश्वर, माधवी दत्त, रामदीन, हरि राम आदि शामिल थे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



