उत्तराखंड के बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने इंडिया ओपन का जीता खिताब, विश्व चैंपियन को हराया
भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने रविवार को बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व चैंपियन लोह कीन यीव को फाइनल में हराकर इंडिया ओपन-2022 के पुरुष एकल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया है। लक्ष्य ने ये मैच 24-22, 21-17 से जीता। लक्ष्य ये खिताब जीतने वाले तीसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी हैं। उनसे पहले 1981 में प्रकाश पादुकोण और फिर 2015 में किदांबी श्रीकांत ने पहला सुपर 500 चैंपियनशिप खिताब जीता था। लक्ष्य ने पिछले साल ही विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम कर चमक बिखेरी थी। अब उन्होंने अपनी झोली मे ये खिताब डाला।
लक्ष्य से पहले भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पुरुष युगल खिताब अपने नाम किया। भारतीय जोड़ीदारों ने एचएसबीसी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट सीरीज के तहत खेले गए इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले न सिर्फ खिताब जीता, बल्कि अपने से ऊंची रैंक वाले खिलाड़ियों को भारी दबाव में डाल दिया। दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीयों ने दूसरे गेम में पांच गेम अंक बचाए और शीर्ष वरीयता प्राप्त हेंड्रा सेतियावान और मोहम्मद अहसान को 21-16, 26-24 से हराकर अपना दूसरा सुपर 500 खिताब जीता।
इससे पहले लक्ष्य ने अंतिम चार मुकाबले में मलेशिया के एनजी त्जे योंग को हराकर अपने पहले विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनायी थी। उत्तराखंड के 20 साल के खिलाड़ी ने विश्व रैंकिंग में 60वें स्थान पर काबिज योंग को पुरुष एकल सेमीफाइनल के करीबी मुकाबले में 19-21 21-16 21-12 से हराया था। सेन दो सुपर 100 खिताब जीते चुके है जिसमें डच ओपन और सारलोरलक्स ओपन शामिल है।
