उत्तराखंड में अभी नहीं मिलेगी बारिश से राहत, आठ से दस सितंबर तक की जारी की गई चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक अभी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस बीच कभी कभी तेज बारिश होगी। आठ से दस सितंबर तक की की चेतावनी भी जारी की गई है।
उत्तराखंड में बारिश का दौर सितंबर माह में भी जारी है। हालांकि अब बारिश टुकड़ों में हो रही है। कभी कहीं तो कभी कहीं। ऐसा अक्सर अगस्त माह में होता था, जो इस बार सितंबर माह में देखा जा रहा है। यानी, जब बारिश अंतिम दौर में होती है तो कुछ ही देर बादल बरसते हैं। वो भी अलग अलग स्थानों पर। मौसम विभाग के मुताबिक अभी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस बीच कभी कभी तेज बारिश होगी। आठ से दस सितंबर तक की की चेतावनी भी जारी की गई है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टान दरकने, सड़कें अवरुद्ध होने और नदी नालों का जल प्रवाह तेज होने की आशंका जताई गई है।आज यानी छह सितंबर से 10 सितंबर तक के लिए बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। हालांकि ज्यादा बारिश की संभावना कुमाऊं क्षेत्र में जताई गई है। आज भी नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं तेज बौछार के साथ भारी बारिश का अनुमान है। कल यानी सात सितंबर को भी इन तीन जिलों में भारी बारिश की संभावना है। आठ सितंबर को देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ जिले में तेज बौछार के साथ भारी बारिश हो सकती है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ बिजली भी चमकेगी। नौ और दस सितंबर को पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बौछार के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।



