Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

February 20, 2026

खेल दिवस पर उत्तराखंड के सीएम धामी ने खिलाड़ियों के लिए की ताबड़तोड़ घोषणाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड में खेलों के साथ ही खिलाड़ियों के लिए कई घोषणाएं की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड में खेलों के साथ ही खिलाड़ियों के लिए कई घोषणाएं की। देहरादून में परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीडा हॉल में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादुन के उदीयमान खिलाड़ियों, टेबल टेनिस एवं बेडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को उन्होंने सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वयं भी बेटमिंटन खेल कर प्रतियोगिता की शुरूआत की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि 8 वर्ष से 14 वर्ष तक की आयु के 50-50 बालक बालिकाओं को उनकी खेल प्रतिभा के अनुसार चिह्नित कर उन्हें प्रति वर्ष मुख्यमंत्री खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता बढ़ाकर 225 रुपये किया जाएगा। महिला खिलाड़ियों के खेल कौशल विकास के लिए जनपद उधमसिंह नगर में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा। नेशनल गेम्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को उत्तराखंड राज्य परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों, व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 5 प्रतिशत का उत्कृष्ट खिलाड़ी खेल कोटा प्रदान किया जाएगा। नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं को भी एशियन, कामनवेल्थ, वर्ल्ड, ओलंपिक पदक विजेताओं की भाँति सरकारी सेवा प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों के प्रदर्शन में उत्कृष्टता लाने के लिए, वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक तकनीक को सुनिश्चित करने के लिए खेल विज्ञान केंद्र की स्थापना राज्य खेल विकास संस्थान में की जाएगी। ओलंपिक खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के लिए कोच की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने का प्रयास किया जाएगा। नेशनल गेम्स, एशियन, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड, ओलम्पिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल दुर्घटनाओं, खेल इंजरी एवं अन्य खेल आकस्मिकताओं के दृष्टिगत बीमा, आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए निजी क्षेत्र की ओर से स्पोर्ट्स कांपलेक्स, खेल अकादमी, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मेजर ध्यानचंद निजी क्षेत्र खेल प्रतिभागिता प्रोत्साहन कोष की स्थापना की जाएगी।

सीएम ने कहा कि राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों को यात्रा मार्ग व्यय, स्पोर्टस किट्स इत्यादि की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। टेबल टेनिस के खिलाड़ियों के लिये अलग से हॉल की व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खिलाड़ियों के व्यापक हित में बेहतर खेलनीति बनायी जायेगी। ताकि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से देश के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया गया है। उनके पदचिह्न पर चल कर हम भी अपने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को 25 लाख की धनराशि प्रदान करने के साथ ही उन्हें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मिशन को सफल बनाने के लिये ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का आहवान किया कि उन्हें अपनी मेहनत, मनोयोग एवं संकल्प के साथ मैदान में जीतकर आसमान छूने के लिये प्रयत्नशील बनना होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी नीरज चोपड़ा से बात कर उन्हें बधाई दी तथा उत्तराखंड आने के लिये आमंत्रित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश में साधारण परिवेश से निकले महापुरूषों ने साधारण से असाधारण कार्य कर इतिहास बनाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चन्द की महानता का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वे खेल के प्रति प्रतिबद्ध तो थे ही राष्ट्र के प्रति भी उनका श्रेष्ठ आदर भाव रहा। जब हिटलर ने उनसे जर्मनी की नागरिकता ग्रहण करने की बात की तो उन्होंने स्पष्ट तौर मना कर दिया। इस अवसर पर विधायक खजान दास ने खेल दिवस पर खिलाड़ियों को बधाई दी। इस अवसर पर उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरंग, संयुक्त निदेशक खेल डॉ. धर्मेन्द्र भट्ट, उप क्रीडाधिकारी श्रीमती सेफाली गुरंग, प्रिंस विपिन, डीएम लखेड़ा, नवनीत सेठी, देवेन्द्र बिष्ट, राकेश डोभाल एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक भी उपस्थित थे।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *