Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 5, 2026

उत्तराखंडः गढ़वाल में मौसम साफ, कुमाऊं में बर्फबारी की आई बारी, नैनीताल में भी गिरी सीजन की पहली बर्फ

गढ़वाल मंडल में जमकर बर्फबारी के बाद शुक्रवार को यहां मौसम साफ हो गया है। वहीं, शुक्रवार को कुमाऊं में हिमपात की बारी आ गई। यहां नैनीताल में इस साल का पहला हिमपात होने से स्थानीय व्यापारियों के साथ पर्यटकों के चेहरे खिल उठे।

गुरुवार को उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल में जमकर बर्फबारी के बाद शुक्रवार को यहां मौसम साफ हो गया है। वहीं, शुक्रवार को कुमाऊं में हिमपात की बारी आ गई। यहां नैनीताल में इस साल का पहला हिमपात होने से स्थानीय व्यापारियों के साथ पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। गुरुवार की रात को तो बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग के मुताबिक कल से मौसम साफ हो जाएगा।
गढ़वाल मंडल में तो बुधवार की शाम से ही मौसम बिगड़ना शुरू हो गया था। गुरुवार को भी मैदानी क्षेत्र में दिन भर लगातार बारिश होती रही। वहीं, चारधाम सहित, ओली, हेमकुंड, उत्तरकाशी, मसूरी, चकराता, धनोल्टी में बर्फबारी से पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। हालांकि मसूरी में ज्यादा बर्फ नहीं गिरी, लेकिन चकराता, धनोल्टी में अच्छा खासा हिमपात हुआ। इससे यहां पर्यटकों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। इससे होटल व्यवसायी भी बेहद उत्साहित हैं। धनोल्टी, बुरांशखंडा, आलू फार्म, बटवाधार, ड्यू प्वाइंट और सुवाखोली में जोरदार हिमपात हुआ है। वहीं, मसूरी के लालटिब्बा, दूधली भदराज में भी हल्का हिमपात हुआ।


कुमाऊं में शुक्रवार को बर्फबारी का दौर जारी
गुरुवार की शाम कुमाऊं में ऊंचाई वाले इलाकों में शुरू हुआ बर्फबारी को दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। नैनीताल, अल्‍मोड़ा, मुक्‍तेश्‍वर और मुनस्‍यारी में अच्‍छा-खासा हिमपात हुआ है। ऐसे में अब पर्यटकों की भी इन पर्यटन स्‍थलों पर तादाद बढ़ने की संभावना है। जो पर्यटक पहले से यहां मौजूद हैं वो मौसम का भरपूर लुत्‍फ उठा रहे हैं। नैनीताल, अल्‍मोड़ा, मुक्‍तेश्‍वर और मुनस्‍यारी में यह सीजन का पहला हिमपात है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ है। हिमनगरी में चार इंच हिमपात हुआ।

पाटलठौड़ से कालामुनि रातापानी तक एक से दो फीट तक हिमपात हुआ है, जबकि थल मुनस्यारी मार्ग यातायात के लिए बंद है। आसपास की सभी चोटियां लकदक हो गई हैं। धारचूला के चौदास घाटी में भी हिमपात हुआ है। नारायण आश्रम में पांच इंच हिमपात हुआ। नैनीताल में शुक्रवार को भी अच्छा हिमपात हो रहा है। माल रोड सहित अन्य स्थान सफेद बर्फ की चादर से ढक गए हैं।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह भी पहले ही पूर्वानुमान बता चुके थे कि उत्तराखंड में मौसम का ऐसा मिजाज पांच फरवरी तक रहेगा। इसके बाद छह फरवरी से मौसम साफ हो जाएगा। आज गढ़वाल में मौसम साफ हो गया, वहीं, कुमाऊं में कुछ स्थानों पर बर्फ गिर रही है। साथ ही बर्फबारी 2500 मीटर की ऊंचाई से नीचे आकर अब करीब 2200 मीटर पर भी हो रही है।

You may have missed