Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

February 12, 2026

उत्तराखंडः जुलूस निकालकर भाजपा कार्यालय पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष, नए सीएम का भी हुआ भव्य स्वागत

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के भाजपा मुख्यालय में पहली बार आगमन पर भव्य तरीके से जोरदार स्वागत किया गया।

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के भाजपा मुख्यालय में पहली बार आगमन पर भव्य तरीके से जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम के तहत भाजपा युवा मोर्चा व महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर नए प्रदेश अध्यक्ष व नए मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रैली परेड ग्राउंड से कनक चौक, घंटाघर प्रिंस चौक आराघर से फब्बारा चौक होते हुए भाजपा मुख्यालय पहुंची। इस दौरान दोनों नेता ट्रक पर सवार थे। रास्ते में महिला कार्यकर्ताओं ने परंपरागत उत्तराखंडी परिधान में दोनों नेताओं का स्वागत किया।


भाजपा अध्यक्ष व मुख्यमंत्री का स्वागत कार्यक्रम भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कुछ अलग ही अंदाज में किया गया। स्वागत कार्यक्रम जंहा महिला मोर्चा व युवा मोर्चा के द्वारा बाइक रैली से किया गया वही अलग अलग समुदायों के द्वारा भी स्वागत किया गया। सरकार की ओर से देवस्थानम बोर्ड के स्थापना पर पुनर्विचार से प्रसन्न हुए पुरोहित समाज के लोगों ने गांधी पार्क के पास मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। हालांकि देवस्थानम बोर्ड भाजपा की सरकार ने ही गठित किया था। इसका तीर्थ पुरोहित विरोध कर रहे थे। वहीं गढ़वाल व कुमायूं मंडल के सामाजिक संस्थाओं द्वारा पारंपरिक वेश भूषा व पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ अलग अलग स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। इसी प्रकार से अधिवक्ता परिषद के द्वारा कचहरी के पास भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के द्वारा मुस्लिम महिलाओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया।


इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में दिख रहे अपार उत्साह व जोश से स्पष्ट हो गया है कि 2022 में प्रदेश में पुनः प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने वाली है। कौशिक ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए मिशन 2022 फतह का आह्वान करते हुए ” 2022, 60 के पार, भाजपा सरकार बार बार ” का नारा दिया।
कौशिक ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत सांगठनिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के अंदर विधानसभाओं में जाकर कार्यकर्ताओं में जोश व ऊर्जा का संचार कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाहन बहुत ही अच्छे रूप से किया है। कौशिक ने आश्वस्त किया कि वह कार्यकर्ताओं के बल पर संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे।
कौशिक ने अपने उद्धबोधन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सादगी भरे जीवन का उल्लेख करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हमेशा संग़ठन अनुसार ही कार्य करना चाहिए और संग़ठन आपकी स्वयं चिंता करेगा। उन्होंने कहा कि जो संगठन निर्णय ले लेता है वही श्रेष्ठ निर्णय होता है इसी भाव के साथ हम कार्यकर्ताओं के बीच में जाएंगे और उनकी समस्याओं के समाधान से लेकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाएंगे।


कहा कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा नेतृत्व है जिनकी योजनाओं का अमल आज विश्व के अनेक देश कर रहे हैं। उन्होने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हमें केंद्र और राज्य की हरेक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है और जनता की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरना है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमेशा स्वयं से पहले देश व संगठन की चिंता करनी चाहिए संगठन स्वयं आपको आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी पार्टी नेतृत्व ने सौंपी है उसके लिए मैं संगठन के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं के दम नेतृत्व के अपेक्षाओं पर खरा उतरूंगा। उन्होने कहा कि हम सब को मिलकर एक साल में राज्य को आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को बधाई देते और कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन से सरकार और आम जनता के बीच सेतु का कार्य करेगा। बंशीधर भगत ने कहा कि हम 2022 में फिर से सरकार में आएंगे और 60 से अधिक सीटों पर फतह करेंगे। भगत ने कौशिक के मंत्रित्व काल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने एक बहुत बड़ी ओर अच्छी छाप छोड़ी है। श्री भगत ने कहा मैं पूर्ण रुप से आश्वस्त हूं कि श्री कौशिक के सशक्त नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, अरविंद पांडेय, डॉ धनसिंह रावत, रेखा आर्य स्वामी यतिस्वरानंद, प्रदेश महामंन्त्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, कुलदीप कुमार, सुरेश भट्ट, हरबंस कपूर, खजान दास, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, डॉ देवेंद्र भसीन, जिला अध्यक्ष शमशेर पुंडीर, सीताराम भट्ट, आदित्य चौहान, रमेश चौहान, कुंदन लटवाल, राकेश गिरी, सभी मोर्चों के प्रदेश आध्यक्षों सभी प्रदेश पदाधिकारी आदि काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये था राजनीतिक घटनाक्रम
गौरतलब है कि छह मार्च को केंद्रीय पर्यवेक्षक वरिष्ठ भाजपा नेता व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह देहरादून आए थे। उन्होंने भाजपा कोर कमेटी की बैठक के बाद फीडबैक लिया था। इसके बाद उत्तराखंड में आगामी चुनावों के मद्देनजर मुख्यमंत्री बदलने का फैसला केंद्रीय नेताओं ने लिया था। इसके बाद मंगलवार नौ मार्च को त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, दस मार्च को भाजपा की विधानमंडल दल की बैठक में तीरथ सिंह रावत को नया नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। दस मार्च की शाम चार बजे उन्होंने एक सादे समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। आज ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी बदले गए। बंशीधर भगत की जगह मदन कौशिक को उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। वहीं, तीरथ के मंत्रिमंडल में 11 सदस्यों ने आज शपथ ली। इनमें आठ कैबिनेट मंत्री और तीन राज्य मंत्री हैं।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *