यूकेडी महिला प्रकोष्ठ ने किया सदस्यता अभियान शुरू, लोगों को पहनाई ‘मैं उत्तराखंडी हूं’ की टोपी

उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी आने वाले दिनों में क्या गुल खिलाती है, ये तो पता नहीं, लेकिन उसकी गतिविधियों से अन्य दलों में हलचल जरूर है। यही नहीं आम आदमी पार्टी ने सदस्यता अभियान में पार्टी की टोपी पहनाने का तरीका उत्तराखंड के क्षेत्रीय दल यूकेडी को जरूर सिखा दिया। यूकेडी नेसदस्यता अभियान में भी टोपी पहनाने का प्रचलन शुरू कर दिया है।
अभी तक भाजपा और कांग्रेस की सदस्यता अभियान में पटका पहनाया जाता है। भाजपा के सदस्यता अभियान में भगवा और कांग्रेस के सदस्यता अभियान में तिरंगा, यानी पार्टी के झंडे का पटका पहनाया जाता है। वहीं आम आपदी पार्टी नए सदस्यों को टोपी पहनाती है। वहीं, यूकेडी ने भी टोपी पहनानी शुरू कर दी। टोपी पर लिखा है- मैं भी उत्तराखंडी हूं।
उत्तराखंड आंदोलन में अपनी अहम भूमिका निभाने वाला प्रमुख दल यूकेडी आपसी खींचातानी के चलते काफी पीछे चला गया। इसमें नई जान फूंकने के लिए निचले स्तर से लेकर बड़े पदाधिकारियों को मेहनत करने के साथ ही सोशल मीडिया में भी अन्य दलों की काट के लिए तैयारी करनी होगी। अभी तक दल के लोग व्यक्तिगत रूप से ही सक्रिय हैं।
अब दल ने शायद तय कर लिया कि बगैर सदस्यता बढ़ाए संगठन को मजबूती से खड़ा करना मुश्किल है। इसी के तहत केंद्रीय कार्यकारिणी महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रमिला रावत के नेतृत्व में आज देहरादून में जन जागरूकता एवं उत्तराखंड क्रांति दल का सदस्यता अभियान शुरू किया गया।

इसकी शुरुआत जिला देहरादून की रायपुर 19 विधानसभा से की गई। इस कार्यक्रम के तहत केंद्रीय कार्यकारिणी महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा प्रमिला रावत ने एक बार फिर से मातृशक्ति को संगठित होकर राज्य के विकास के लिए संयुक्त प्रयास करने का आह्वान किया। जिला संयोजक सोमेश बुड़ाकोटी ने कहा कि राज्य अस्तित्व में आने के इन 20 सालों बाद भी जनता जिस तरह से मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है वह बड़े दुर्भाग्य का विषय है। इस मौके पर सदस्यों ने घर-घर, दुकान दुकान जाकर लोगों को यूकेडी से जोड़ने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान गढ़वाल मंडल अध्यक्षा मीनाक्षी घिल्डियाल, महानगर अध्यक्ष किरण रावत, रायपुर ब्लॉक अध्यक्ष अनिल डोभाल, सुलोचना, कुसुम जग्गी, किरण शाह, कमलकांत, देवेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






