उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज से पांच दिन होगी बारिश और बर्फबारी, मैदानी जिलों में इस दिन बरसेंगे मेघ
उत्तराखंड में इन दिनों हाड कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। पिछले कुछ दिन तक मौसम शुष्क रहने के बाद एक बार फिर से मौसम बदलने जा रहा है। आज से लगातार पांच दिन तक पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया जा रहा है। इस बीच 20 जनवरी को देहरादून सहित अन्य मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही तापमान में भी उतार चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। ज्यादातर दिन बादल छाने से दिन में भी ज्यादा सर्दी का अहसास होगा। मौसम के बदले मिजाज के चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पंतनगर में अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, 23 से 26 जनवरी तक पूरे उत्तराखंड में जोरदार बारिश के साथ ही पहाड़ों में बर्फबारी का अनुमान है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)आज के मौसम का हाल
बुधवार 18 जनवरी को देहरादून में बादलों के बीच धूप भी खिली है। नई टिहरी, भवाली, रुद्रपुर, अल्मोड़ा के साथ ही कुमाऊं और गढ़वाल के अधिकांश इलाकों में धूप खिली हुई है। दिन चढ़ने के बाद ही मौसम में बदलाव की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। राज्य के अन्य इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, कल 19 जनवरी को भी चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिले में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। राज्य के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। 20 जनवरी को उक्त जिलों के साथ ही शेष पर्वतीय इलाकों में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। मैदानी इलाकों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। पर्वतीय इलाकों में 2500 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई लासे इलाकों में बर्फभारी का दौर जारी रहेगा। 21 और 22 जनवरी को भी उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में बारिश और बर्फबारी का दौरा जारी रहेगा। राज्य के शेष इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
बुधवार 18 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे देहरादून का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 17 डिग्री और न्यूनतम नौ डिग्री रहने की संभावना है। 19 जनवरी को न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़ सकता है। वहीं, 20 जनवरी को तापमान गिरकर अधिकतम 16 डिग्री और न्यूनतम आठ डिग्री रह जाएगा। इसके बाद 21 जनवरी से लेकर 23 जनवरी तक अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ से दस डिग्री रह सकता है। 24 जनवरी को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 11, 25 जनवरी को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री रह सकता है। इस बीच देहरादून में 18, 19, 20, 23, 24, 25 जनवरी को देहरादून में बादल छाए रहेंगे। 20, 24 और 25 जनवरी को देहरादून में बारिश की संभावना है।



