गजब का मौसम, अक्टूबर से देहरादून सहित कई जिलों में नहीं हुई बारिश, उत्तराखंड में अब बढ़ेगी सर्दी, जानिए मौसम का पूर्वानुमान
उत्तराखंड में सितंबर माह तक जितनी जोरदार बारिश हुई, उसके बाद तीन महीने राज्य के अधिकांश जिलों में सूखे निकल गए। अक्टूबर से दिसंबर माह में देहरादून सहित कई मैदानी जिलों में भी बारिश होती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। जनवरी माह में भी इसी तरह का मौसम बना हुआ है। हालांकि, इस बीच पहाड़ों पर कहीं कहीं हल्की बर्फबारी जरूर हुई, लेकिन पूरे राज्यभर में बारिश नहीं होने से सूखी सर्दी पड़ रही है। इसके चलते लोग खांसी, जुकाम, बुखार, वायरल जैसी बीमारी से परेशान हैं। फिलहाल देहरादून सहित राज्यभर के कई जिलों में अब जोरदार सर्दी पड़ रही है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम पूर्वानुमान, पांच दिन का येलो अलर्ट
आज दो जनवरी की सुबह से ही राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में धूप खिल गई थी। हालांकि, सुबह के समय कई जिलों में घना कोहरा भी था। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, दो से आठ जनवरी तक राज्यभर के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। अगले दो तीन दिन में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री तक गिर सकता है। सप्ताह के दौरान राज्य के पर्वतीय क्षेत्र की घाटियों में कहीं कहीं हल्के से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में पाला गिरने की संभावना है। ऐसे में छह जनवरी तक राज्य के अधिकांश जिलों में कोहरा और पाला गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
शुक्रवार दो जनवरी की पूर्वाह्न करीब सवा 11 बजे तक तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 15 डिग्री और न्यूनतम छह डिग्री रहने की संभावना है। तीन जनवरी से लेकर नौ जनवरी तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 14, 14, 14, 16, 16, 16, 16 डिग्री रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान छह, पांच, पांच, चार, चार, चार, चार डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ती जाएगी।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



