उत्तराखंड में धीमी पड़ने लगी है बारिश की रफ्तार, तीन दिन झेलनी पड़ेगी गर्मी, 10 अगस्त को पर्वतीय जिलों में यलो अलर्ट
उत्तराखंड में अब बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। हालांकि देहरादून सहित अन्य इलाकों में हर दिन बारिश हो रही है, लेकिन बारिश का लगातार होने का सिलसिला कुछ कम हुआ है। इससे तापमान में भी वृद्धि होने लगी है। जहां एक दिन पहले देहरादून और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब था, अब इसमें तीन दिन तक चार से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी संभव है। इससे लोगों को गर्मी फिर से सताएगी। हालांकि तीन दिन बाद भी तापमान में उतार चढ़ाव का दौर चलता रहेगा। करीब एक सप्ताह तक राज्यभर में कहीं कहीं बारिश का अनुमान है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)आज के मौसम का हाल
सोमवार आठ अगस्त की सुबह से ही देहरादून सहित आसपास के इलाकों में धूप खिल गई थी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। राज्य के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
नौ अगस्त को भी इसी तरह का मौसम रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। राज्य के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। 10 अगस्त को बारिश का क्रम कुछ बढ़ेगा। राज्य के जिलों में कहीं कहीं तेज बौछार के साथ और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। 10 अगस्त को गढ़वाल के पर्वतीय इलाकों के साथ ही कुमाऊं के बागेश्वर जिले में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही पर्वतीय इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। इस दिन के लिए पर्वतीय इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 अगस्त को पर्वतीय इलाकों में कहीं कहीं तेज बौछार के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कुछ स्थानों पर और शेष जिलों में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अगले दिन 12 अगस्त को राज्य में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
यदि हम देहरादून के तापमान की बात करें तो सोमवार आठ अगस्त की सुबह 11 बजे तक देहरादून का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब था। यानि कल की अपेक्षा इसमें तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी है। आज इसके अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना है। नौ अगस्त को भी इसी तरह का तापमान रहेगा। दस अगस्त को इसमें एक डिग्री की गिरावट आ सकती है। 11 अगस्त को अधिकतम गिरकर तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद 12 अगस्त से 15 अगस्त तक अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के करीब रह सकता है।



