ग्रीष्मकालीन राजधानी में मानसून सत्र से गैरसैण पर छंट जाएगा विपक्षी अविश्वास का कुहासा: महेंद्र भट्ट
उत्तराखंड भाजपा ने मानसून सत्र गैरसैण में आयोजित करने के निर्णय का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने इसे जनभावनाओं का सम्मान बताया। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने उम्मीद जताई कि पर्वतीय राज्य की अवधारणा अनुसार, पहाड़ में बैठकर विकास पर उसमें सार्थक चर्चा होगी। राज्य में हुए ढांचागत और व्यवस्थागत विकास का ही नतीजा है कि ग्रीष्मकालीन राजधानी में मानसून सत्र हो रहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने सरकार की ओर से 19 अगस्त से पहाड़ में विधानसभा सत्र कराने को पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता के अनुरूप मानते हुए सीएम धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के संघर्ष से लेकर उसके सर्वांगीण विकास को लेकर लगातार हमारी सरकारें कार्य करती रही हैं। हमने जनसहभागिता से पृथक राज्य का निर्माण करायाऔर आंदोलनकारियों की भावनाओं के अनुशार गैरसैण को ग्रीष्मकालीन राजधानी भी हमने ही बनाया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने कहा कि आज तमाम विकास कार्यों से वहां की तस्वीर बदलने का काम भी हम लगातार कर रहे हैं। पहाड़ में हुए ढांचागत और व्यवस्थागत परिवर्तन का नतीजा है कि ग्रीष्मकालीन राजधानी में हमारी सरकार वर्षाकाल में भी सत्र का आयोजन करने जा रही है। ये डबल इंजन सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां से उपजा आत्मविश्वास है कि विपरीत परिस्थितियों में भी जनभावनाओं का सम्मान हमारी प्राथमिकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि जो लोग प्रदेश में और विशेषकर पहाड़ों में होने वाले चौमुखी विकास पर झूठे सवाल खड़े करते हैं, उनके लिए वर्तमान में जारी चार धाम यात्रा, पंचायत चुनाव और आगामी मानसून सत्र करारा जवाब है। भट्ट ने विश्वास जताया कि मानसून सत्र के साथ गैरसैण को लेकर वो सारा कुहासा भी धुल जाएगा जिसे गाहे बगाहे विपक्ष फैलाने की कोशिश करता रहता है। उम्मीद की जा सकती कि सत्र में विकास योजनाओं और जनकल्याण के मुद्दों पर सार्थक चर्चा होगी। विशेषकर, विपक्ष को भी तमाम राजनीतिक दुराग्रहों को दूर रखते हुए वहां जनता के विषयों को उठाना चाहिए।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



