Video: उत्तराखंड में बुराई के प्रतीक रावण के फूंके गए पुतले, आप नेता कर्नल ने जलाया बेरोजगारी का रावण
असत्य पर सत्य की जीत, बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी को उत्तराखंड में उत्साह के साथ मनाया गया। जगह जगह रावण के पुतले दहन किए गए। पुतला दहन वाले कार्यक्रम स्थलों में मेले आयोजित किए गए। जहां बच्चों में खासा उत्साह रहा। वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल बेरोजगारी का पुतला दहन किया।
कर्नल कोठियाल ने आप कार्यकर्ताओं के साथ निरंजनपुर आईटीआई के पास विजयादशमी के पावन पर्व पर 20 फुट ऊंचे बने बेरोजगारी के रावण का दहन किया। इस दौरान उन्होंने बेरोजगारी के रावण के दस सरों को उत्तराखंड के दस बदहाल मुद्दों से जोड़कर उसकी व्याख्या की। साथ ही बेरोजगारी के इस रावण को जलाकर एक बेहतर उत्तराखंड के लिए संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने दस सरों में बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य, बदहाल शिक्षा, भ्रष्टाचार, महंगाई, पलायन, महंगी बिजली, पानी की किल्लत जैसे मुद्दों से उत्तराखंड को निजात दिलाने का संकल्प के साथ इस बेरोजगारी के रावण का दहन किया।
इस बेरोजगारी रावण दहन कार्यक्रम में कर्नल अजय कोठियाल के साथ आप प्रवक्ता योगेंद्र चौहान, हिमांशु पुंडीर, डिंपल सिंह, सीमा कश्यप, रेनू कश्यप, आकाश गौर, पंकज अरोड़ा, केशव बहुगुणा, रोशनी चंदेल, जय कश्यप समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
दून में ऐतिहासिक परेड मैदान की बजाय बन्नू स्कूल में जलाया गया रावण
देहरादून में हर साल परेड मैदान में आयोजित होने वाला मेला इस बार स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की भेंट चढ़ गया। मैदान खराब होने के चलते इस बार दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी इस साल 74वां विजयादशमी उत्सव सनातन धर्म इंटर कालेज (बन्नू स्कूल) के परिसर में मनाया गया। यहां करीब 40 से 45 फीट ऊंचा रावण का पुतला जलाया गया। साथ ही लंका दहन भी किया गया।
बन्नू स्कूल रेसकोर्स लंका दहन शाम 5:30 बजे, इसके बाद 6:05 बजे रावण दहन, दशहरा गाउंड प्रेमनगर में लंका दहन 5:45 बजे और रावण, मेघनाद कुंभकरण के पुतलों का दहन 6:05 बजे किया गया। हिंदू नेशनल स्कूल, लक्ष्मण चौक में रावण, मेघनाद, कुंभकरण के पुतलों का दहन शाम 07 बजे किया गया। इस बार देहरादून शहर में सबसे ऊंचा 55 फीट का पुतला हिंदू नेशनल स्कूल परिसर में दहन किया गया। धर्मशाला समिति प्रेमनगर एवं दशहरा कमेटी के तत्वाधान में 30 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले दहन शाम को किया। लंका 12 फीट ऊंची रहेगी।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






