देखें वीडियोः ये सास बहू का झगड़ा नहीं, पालिकाध्यक्ष और ईओ के बीच की बहस, दोनों की सरकारी वाहन पर दावेदारी
उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले में बड़कोट नगर पालिका में अध्यक्ष और ईओ के बीच आपसी खींचतान सार्वजनिक हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा है। वीडियो में दोनों सरकारी वाहन पर दावेदारी को लेकर झगड़ते नजर आ रही हैं। दोनों में बहस हो रही है। पहली नजर में वीडियो देखकर लगता है कि ये किसी घर का विवाद हो रहा है, लेकिन हकीकत अलग है।
नगर पालिका बड़कोट में विगत पिछले छह साल से कार्यरत अधिशासी अधिकारी अमरजीत कौर का कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ ही पालिका अध्यक्ष अनुपमा रावत से तालमेल नहीं बैठ पा रहा है। कर्मचारी और सभासद उन पर मनमाने रवैये का आरोप लगाते हुए कई बार जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत कर चुके हैं। साथ ही ईओ को हटाने की मांग कर चुके हैं। इन दिनों भी कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कार्यालयों में ताले लगे हैं।
आरोप है कि सरकारी वाहन जो पालिका अध्यक्ष को मिला है, उस पर ईओ अपना दावा ठोक रही है। वहीं, आरोप लगाए जा रहे हैं कि उक्त वाहन को ईओ ने निजी प्रयोग में भी उपयोग किया। वाहन का ऋषिकेश में देखे जाने का वीडियो व फोटो भी पहले वायरल हो चुके हैं। नगरवासी डॉ कपिल रावत ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस पर कार्रवाई की मांग भी की थी। हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दफ्तर पहुंची तो उन्होंने पालिका अध्यक्ष के वाहन को अपने लिए ले जाना चाहा। इस पर दोनों में तू तू- मैं मैं होने लगी।
ये वाक्या शनिवार सात अगस्त का बताया जा रहा है। पालिका अध्यक्ष ने ईओ को सरकारी वाहन देने से मना किया तो दोनों के बीच वाहन को लेकर दावेदारी होने लगी। ईओ का कहना है कि वाहन उन्होंने मंगवाया। वहीं, पालिकाध्यक्ष का तर्क है कि वाहन उनके लिए शासन ने भेजा। पालिका के कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगर क्षेत्र में जगह जगह गंदगी के ढेर लग रहे हैं। शहर भर में दुर्गन्ध फैलनी शुरू हो गई है। एक ओर कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर का खतरा है और दूसरी तरफ डेंगू का भी भय सता रहा है। ऐसे में महिला नेत्री और अधिकारी के बीच तालमेल की बजाय विवाद बढ़ता जा रहा है। ईओ का कहना है कि उन पर सभी आरोप निराधार हैं। वह नियमानुसार कार्य कर रही हैं।
उत्तरकाशी से हरदेव पंवार की रिपोर्ट

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






