Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

February 13, 2026

उत्तराखंड में केंद्र से सड़कों के लिए बजट की स्वीकृति में श्रेय लेने की होड़, सीएम और महाराज कर रहे एक ही दावा

हाल ही में केंद्र सरकार से उत्तराखंड में सड़कों के लिए करीब 1300 करोड़ रुपये की स्वीकृति का श्रेय लेने में भी अब सीएम और कैबिनेट मंत्री अपने अपने दावे कर रहे हैं।

हाल ही में केंद्र सरकार से उत्तराखंड में सड़कों के लिए करीब 1300 करोड़ रुपये की स्वीकृति का श्रेय लेने में भी अब सीएम और कैबिनेट मंत्री अपने अपने दावे कर रहे हैं। कुछ दिन पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भेंट के दौरान सड़कों के लिए उक्त राशि की स्वीकृति कराने का दावा किया। वहीं, अब उन्हीं सड़कों के लिए लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज भी दावा कर रहे हैं। अब श्रेय किसे दिया जाए। क्योंकि सीएम भी केंद्रीय मंत्री से मिले थे और उनसे पहले सतपाल महाराज भी।
गौरतलब है कि उक्त दिल्ली दौरे से दौरान उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी 11 अगस्त को दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों से मिले थे। इस दौरान वह नितिन गडकरी से भी मिले। उनसे दो दिन पूर्व सतपाल महाराज भी सड़क केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ ही जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भी मिले थे। जाहिर है कि दोनों से सड़कों को लेकर धनराशि की मांग की होगी। सीएम के दिल्ली दौरे के दौरान ही सरकारी प्रेस नोट आया, इसमें सड़कों के लिए धनराशि स्वीकृत कराने का दावा किया गया। वहीं, अब महाराज का प्रेस नोट आया, जिसमें उनके प्रयासों से धनराशि स्वीकृत कराने का दावा किया गया।
सीएम के प्रेस नोट के कुछ अंश व दावा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि उत्तराखंड में नए राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 1000 करोड़ रूपये और केन्द्रीय सड़क अवस्थापना निधि में अतिरिक्त 300 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने इस पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी जी के मार्गदर्शन व सहयोग से पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में कनेक्टीवीटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और सेतुओं के निर्माण में आने वाली अत्यधिक लागत को देखते हुए भारत सरकार द्वारा राज्य सरकार को प्रदान की गयी सहायता प्रदेश के आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
अब महाराज का दावा 13366.15 लाख की सड़कें स्वीकृत
सतपाल महाराज की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया कि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड में 448.735 किमी लम्बाई के 16 मोटर मार्गो के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 13366.15 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की है।
प्रेस नोट में कहा गया कि-सतपाल महाराज हाल ही में अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर मिले थे। मुलाकात के दौरान सतपाल महाराज ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उत्तराखंड राज्य में सड़कों के विस्तार के लिए केंद्रीय सड़क अवसंरचना कोष (सीआरआईएफ) के अनुमोदन के संर्दभ में चर्चा करते हुए उनसे प्रदेश के अनेक मोटर मार्गों के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण के प्रस्तावों पर स्वीकृति दिये जाने का अनुरोध किया था।
प्रेस नोट में आगे बताया गया कि-लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज के अनुरोध को स्वीकार करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने जनपद पौड़ी के विकास खंड रिखणीखाल में 49 किमी के स्वर्गीय श्री जगमोहन सिंह नेगी मोटर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-09) के सुदृढ़ीकरण लागत 2019.57 लाख, 10 किलोमीटर लंबे धुमाकोट पिपली मोटर मार्ग में डिफेक्ट कटिंग, क्षतिग्रस्त दीवारों तथा स्कपर (रोड़ सेफ्टी) लागत 197.89 लाख, मरचुला-सराईखेत-बैजरों-पोखरा-सतपुली-बाणघाट-घंडियाल-कांसखेत, पौड़ी (राज्य मार्ग संख्या-32) 47 किमी के सुदृढ़ीकरण लागत 1213.92 लाख, 26 किमी लम्बे मरचुला-सराईखेत-बैजरों-पोख-सतपुली-पौड़ी राज्य मार्ग सं. 32 के सुदृढ़ीकरण लागत 1199.89 लाख, पौड़ी-देवप्रयाग-गजा-जाजल 49 किमी (राज्य मार्ग) लागत 650 लाख, नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग 19 किमी में रोड़ सेफ्टी कार्य लागत 234.81 लाख, जनपद चमोली में 25.735 किमी पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण लागत 2340 लाख, बागवान-जामणीखाल 25 किमी मोटर मार्ग के सुधारीकरण लागत 73.93 लाख, 32 किमी लक्षमोली-हिसरियाखाल-जामणीखाल मोटर के सुधारीकरण कार्य लागत 86.68 लाख एंव जगमोहन सिंह नेगी (राज्य मार्ग सं.09) 48 किमी में 114.55 लाख की लागत से क्रैश बैरियर, दिशा सूचक, सावधानी बोर्ड लगाये जाने सहित गढवाल के कुल 16 मोटर मार्गों के लिए 13366.15 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
महाराज ने उक्त सभी मोटर मार्गों के डामरीकरण, सुधारीकरण के लिए केंद्रीय सड़क अवसंरचना कोष के तहत धनराशि स्वीकृत करने पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होने कहा कि प्रदेश को गडकरी का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। उनके सहयोग के कारण ही प्रदेश में अनेक सड़कों के विस्तारीकरण उदारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य संभव हो पा रहा है। साथ ही एक सवाल और उठता है कि जब किसी मंत्री से सीएम को मिलना था तो उत्तराखंड के विभागीय मंत्री के साथ भी मुलाकात हो सकती थी। अलग अलग मुलाकात करने का औचित्य क्या है। खैर क्रेडिट किसे भी जाए, इससे जनता को कोई लेना देना नहीं है। प्रदेश की जनता तो यही चाहती है कि सड़क बने और आमजन को इसका लाभ मिले।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *