कोबरा पकड़कर गले में डालने की पांच सौ रुपये की लगी शर्त, बैंड बजाने वाले की चली गई जान

शराब के नशे में कोबरा को पकड़ने की शर्त में एक बैंड बजाने वाले युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। शराब के नशे में उसने कोबरा को पकड़ा और इस दौरान उसने युवक को डस लिया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। नशे में धुत युवकों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
उत्तराखंड में पौड़ी जिले के थैलीसैंण के तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद ममगाईं ने बताया कि घटना मंगलवार की है। पौड़ी गढ़वाल जिले के वीरोंखाल ब्लाक के सुकई गांव का रहने वाला सुरेश कुमार बैंड बजाने का कार्य करता था। सुरेश अपने चार अन्य साथियों के साथ किसी विवाह समारोह में शामिल होने के बाद गांव लौट रहा था। सभी युवक नशे में थे। इस दौरान उन्हें रास्ते में कोबरा नजर आया।
ये देख युवक रुक गए। इस बीच उनमें शर्त लगी कि जो भी साथी कोबरा को गले में डालेगा उसे 500 रुपये दिए जाएंगे। सुरेश ने कोबरा को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान सांप ने उसे डस लिया। इससे उसकी मौत हो गई। तहसीलदार ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद राजस्व उपनिरीक्षक को गांव भेजा गया तो घटना की सत्यता का पता चला।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






