Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

February 27, 2026

उस बार तो एक बच्चे ने दिखाई राह, तब जाकर बुझाई गई आग

यदि किसी को तैरना नहीं आता, तो उसे गहरे पानी में जाने से परहेज करना चाहिए। ऐसे व्यक्ति के सामने यदि कोई डूब रहा हो तो उसे मदद के लिए पानी में छलांग लगाने की बजाय दूसरे उपाय सोचने चाहिए।

यदि किसी को तैरना नहीं आता, तो उसे गहरे पानी में जाने से परहेज करना चाहिए। ऐसे व्यक्ति के सामने यदि कोई डूब रहा हो तो उसे मदद के लिए पानी में छलांग लगाने की बजाय दूसरे उपाय सोचने चाहिए। पानी में छलांग लगाने की स्थिति में दूसरा तो शायद नहीं बचे, लेकिन बचाने वाले की भी बचने की गारंटी नहीं रहेगी। क्योंकि उसे भी तैरना नहीं आता और वह दूसरे को बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। अक्सर दुर्घटनाओं के समय ऐसे ही वाक्ये होते हैं। जब तजुर्बे के अभाव में जान बचाने के प्रयास में कई बार अच्छे खासे व्यक्ति भी जान से हाथ धो बैठते हैं।
इसीलिए कहा गया कि किसी भी दुर्घटना के वक्त जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाना चाहिए। वहीं, हकीकत ये भी है कि ऐसे समय व्यक्ति जल्दबाजी में ही निर्णय लेता है। कई बार तो बड़ों की बजाय अनजाने में छोटे बच्चे ही ऐसा काम कर जाते हैं, जिससे संकट टल जाता है। मासूमों को यह तक पता नहीं होता कि वह जो कर रहे हैं, कितना खतरनाक काम है।
करीब 16 साल पहले की बात है। दिल्ली में मेरे भांजे की शादी थी। मैं परिवार के साथ दिल्ली के सरोजनी नगर क्षेत्र में गया हुआ था। जिक कॉलोनी में उनका फ्लैट था, उसमें मकान के आगे मैदान में मेहमानों के लिए भोजन का टैंट लगाया हुआ था। मेरा छोटा बेटा उस समय करीब चार साल का था। वह टैंट से दूर बजरी व रेत के ढेर से खेल रहा था।
टैंट के पीछे जहां हलुवाई खाना बना रहे थे। सुबह नाश्ते का वक्त था। तभी वहां भट्टी के सिलेंडर में आग लग गई। अचानक आग लगते ही टैंट में मौजूद सभी लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी सुरक्षित स्थान की तरफ भागे। इस दौरान आग सिलेंडर तक ही सीमित थी। तेजी से साथ सिलेंडर से गैस निकल रही थी और वहां से आग की लपटे निकल रही थी। दूर खड़े होकर लोग सलाह देने लगे। कोई कहता पानी डालो। तो कोई कहता पानी नहीं, सिलेंडर फट जाएगा। कोई मिट्टी डालने की सलाह दे रहा था।
इसी बीच मैने देखा कि मेरा चार साल का बेटा आर्यन सिलेंडर के निकट खड़ा था। मैने उसे वहां से भागने को आवाज लगाई। मेरी हिम्मत सिलेंडर के पास जाने की नहीं हो रही है। फिर भी मैं हिम्मत जुटाकर उसकी तरफ दौड़ा। तब तक वह अपनी पेंट की जेब में भरी हुई रेत को सिलेंडर की तरफ डाल चुका था। इसके बाद वह दोबारा रेत लेने के लिए दौड़ लगा चुका लगा। तभी मैने उसे खींचकर अलग किया। इस बच्चे को देख तब वहां मौजूद लोगों को पता चला कि रेत कहां पड़ी है। ऐसे में कई लोग प्लेट आदि लेकर रेत लेने दौड़े। मौजूद हलुवाई व अन्य लोग ने प्लेट व अन्य बर्तनों में रेत भरकर सिलेंडर पर डाली और आग को बुझा दिया। उस दिन एक बच्चे ने अपनी शरारत से सभी को संकट से बचने की राह दिखाई और आग बुझाने के लिए प्रेरित किया। उसे देखकर ही सभी को पता चल सका था कि समीप ही रेत का ढेर भी है।

भानु बंगवाल

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *