Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 14, 2026

उत्तरांचल प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया तीज महोत्सव, तीज क्वीन प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाया उत्साह

देहरादून के परेड मैदान पर स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में हरियाली तीज के पावन अवसर पर तीज महोत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े महिला पत्रकार व परिवारों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, मेहंदी, गीत-संगीत, नृत्य और तीज के रंगों ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और नारी शक्ति का प्रतीक है। तीज क्वीन में प्रथम स्थान पर नैना आहुजा, द्वितीय स्थान पर वंदना अग्रवाल, तृतीय स्थान पर माधुरी दानू, चौथे स्थान पर भारती आनंद, पांचवे स्थान पर बीना उनियाल रही। इसके साथ ही सविता गुसाईं को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि एवं मंजीरा देवी यूनिवर्सिटी उत्तरकाशी के मैनेजिंग डायरेक्टर भगवत नौटियाल ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल यहां के पहाड़ों और प्राकृतिक सुंदरता से नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक त्योहारों से भी है। तीज का पर्व हमें अपनी इसी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ता है। आज जब हमारी नई पीढ़ी आधुनिक जीवनशैली की ओर तेजी से बढ़ रही है, ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ना बेहद जरूरी है। आज यहां महिलाओं का उत्साह, पारंपरिक परिधान, गीत-संगीत और तीज की उमंग देखकर ऐसा लग रहा है जैसे उत्तराखंड की लोक संस्कृति एक बार फिर हमारे बीच जीवंत हो उठी हो। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

विशिष्ठ अतिथि एवं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब केवल पत्रकारों का संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मंच भी है। पत्रकार समाज की आवाज को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता पैदा करने का भी काम करते हैं। ऐसे में तीज जैसे सांस्कृतिक आयोजन पत्रकार परिवारों को आपस में जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज यहां जिस उत्साह और उमंग के साथ तीज मनाई जा रही है, वह वास्तव में सराहनीय है। पर्व और संस्कृति हमारी पहचान हैं। इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि पूर्व मिस इंडिया एवं सोशल एक्टिविस्ट अनुकृति गुसाई ने कहा कि तीज हमारे समाज और संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें अपनी परंपराओं, लोक संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ता है। आज के आधुनिक दौर में जब हमारी पारंपरिक संस्कृति तेजी से बदल रही है, ऐसे आयोजन हमारी जड़ों को मजबूत करने का काम करते हैं। तीज के गीत, झूले, मेहंदी और पारंपरिक परिधान केवल मनोरंजन का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

विशिष्ठ अतिथि अभिनेत्री, फ़िल्म निर्माता, समाज सेवी डॉ आरुषि निशंक ने कहा कि तीज का यह पर्व हमारे लिए इसलिए भी विशेष है क्योंकि यह नारी शक्ति, प्रेम, समर्पण और पारिवारिक खुशियों का संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में महिलाओं की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। आज महिलाएं परिवार के साथ-साथ शिक्षा, पत्रकारिता, प्रशासन, राजनीति, व्यवसाय और हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आज का यह आयोजन केवल तीज मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का अवसर भी है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

निर्णायक की भूमिका कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसौनी व पुष्पा भल्ला ने निभाई। गरिमा दसौनी ने कहा कि इस शानदार तीज महोत्सव में आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं से होती है और तीज जैसे पर्व हमारी इसी समृद्ध परंपरा को जीवंत बनाए रखते हैं। आज का यह आयोजन हमें यह संदेश देता है कि आधुनिकता के साथ-साथ हमें अपनी जड़ों और अपनी संस्कृति को भी मजबूती से संभालकर रखना चाहिए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि हरियाली तीज प्रेम, उल्लास, सौहार्द, नारी सम्मान और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का पर्व है। प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों को भी महत्व देता है। ऐसे आयोजन पत्रकार साथियों और उनके परिवारों को एक साथ खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए हमें अपनी लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराओं को भी संजोकर रखना चाहिए। उन्होंने महिला पत्रकारों और पत्रकार परिवारों की महिलाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी ने तीज महोत्सव को यादगार बना दिया। अध्यक्ष ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले क्लब पदाधिकारियों, सदस्यों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

इस कार्यक्रम में अर्चना सिंघल ग्रुप के जुनून डांस एकेडमी की अदविका, आयुषी और गुनिका ने तीज की शानदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल, सांस्कृतिक संयोजक मीना नेगी व सह संयोजक सुलोचना पयाल ने संयुक्त रूप से किया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस अवसर पर उक्रांद की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मेजर संतोष भण्डारी के साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि खत्री, वीरेन्द्र डंगवाल पार्थ, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत, हिमांशु जोशी, पूर्व अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह कंडारी आदि मौजूद रहे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।