कोरोना के नए संक्रमितों में फिर उछाल, देहरादून में फिर मास्क अनिवार्य, पांच सौ से एक हजार रुपये तक जुर्माना
देश में एक बार फिर से कोरोना के नए केस बढ़ने लगे हैं। वहीं, उत्तराखंड में भी नए संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ है। देहरादून में जिला प्रशासन ने बढ़ते मामलों को देखते हुए मास्क अनिवार्य कर दिया है। मास्क नहीं लगाने पर पांच सौ रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक के जुर्माने की चेतावनी दी गई है। एक बार भारत में फिर से नए संक्रमितों की संख्या तीन हजार के पार चली गई है। गुरुवार 28 अप्रैल की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के कुल 3303 नए मामले सामने आए हैं। कल के मुकाबले यह आंकड़ा 12.8 फीसदी ज़्यादा है। पिछले 24 घंटों में देशभर में कुल 39 लोगों की कोविड से मौत भी हुई है। मौत के आंकड़ों में आज केरल के 26 मामले बैकलॉग आंकड़े के तौर पर भी जुड़े हैं। अबतक देश में कोविड से कुल 523693 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही देश में कुल कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 43068799 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 2563 मरीज स्वस्थ हुए। कोरोना से स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 42528126 हो गई है। वर्तमान में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 16980 है। राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत कल 1953437 कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई है। अब तक कोरोना की कुल 1884075453 वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।पिछले सात दिन के आंकड़े
देश में बुधवार 27 अप्रैल को कोरोना के 2927 नए केस और 32 लोगों की मौत हुई। मंगलवार 26 अप्रैल को कोरोना के 2,483 नए मामले और 1399 मौत, सोमवार 25 अप्रैल को कोरोना के 2,541 नए मामले और 30 लोगों की मौत, रविवार 24 अप्रैल को कोरोना के 2,593 नए मामले और 44 लोगों की मौत, शनिवार 23 अप्रैल को कोरोना के 2,527 नए केस और 33 लोगों की मौत, शुक्रवार 22 अप्रैल को कोरोना के 2,451 नए केस और 54 लोगों की मौत, गुरुवार 21 अप्रैल को कोरोना के 2380 नए केस और 56 लोगों की मौत हुई थी।
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में फिर आया उछाल
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। एक बार फिर नए संक्रमितों की संख्या में उछाल दर्ज किया गया। वहीं, राहत की बात ये है कि छठे दिन भी किसी मरीज की कोरोना से मौत नहीं हुई। बुधवार 27 अप्रैल की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 24 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले मंगलवार 26 अप्रैल को 16 नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो बुधवार को 853 केंद्रों में 19128 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
उत्तराखंड की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2022.04.27 Health Bulletin
कोरोना से अब तक 7693 मौत
उत्तराखंड में एक जनवरी 2022 से लेकर अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 92352 हो गई है। इनमें से 88775 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 27 मरीज स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 80 हो गई है। कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक प्रदेश में कुल 7693 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वहीं, एक जनवरी 2022 से अब तक 275 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। इस अवधि में मौत की दर 0.30 फीसद है। इस अवधि में रिकवरी दर 96.13 फीसद है। सात मई 2021 को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई 2021 को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई। तीसरी लहर में एक फरवरी 2022 को सर्वाधिक 18 लोगों की मौत दर्ज की गई।
देहरादून डीएम ने मास्क को लेकर दिए निर्देश
देहरादून में कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलो के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने जनपद देहरादून में घर के बाहर सार्वजनिक स्थानों पर पूर्व की भांति मास्क, गमछा, रूमाल या दुपट्टा, स्कार्प पहनना अनिवार्य करने के आदेश जारी किये हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर थूकना प्रतिबन्धित रहेगा। आदेशों के उल्लंघन दण्डनीय अपराध होगा। आदेशों के उल्लंघन की दशा में प्रदत्त व्यवस्था के अनुरूप 500 रूपये से 1000 रूपये तक जुर्माने के रूप में वसूला जाएगा। उन्होंने सभी अधिनस्थ अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि देहरादून में बुधवार की शाम की रिपोर्ट के मुताबिक, एक दिन में 18 नए संक्रमित मिले। अब जिले में कोरोना के कुल एक्टिव संक्रमितों की संख्या 46 हो गई है।



