कथाकार शेखर जोशी को दिया जाएगा द्वितीय विद्यासागर सम्मान, जानिए उनके बारे में
उत्तराखंड में कथाकार विद्यासागर नौटियाल की स्मृति में दिया जाने वाला द्वितीय “विद्यासागर सम्मान” वर्ष 2022 के लिए कथाकार शेखर जोशी को देने की घोषणा की गई है। विद्यासागर नौटियाल के सामाजिक, राजनैतिक मिजाज के करीब रहने वाले, कोसी के घटवार, दाज्यू आदि अविस्मरणीय कहानियों से हिंदी कथा साहित्य को समृद्ध करने वाले, समादृत कथाकार शेखर जोशी के नाम का चयन सेव हिमालय ट्रस्ट और संवेदना, देहरादून के रचनाकारों ने सामूहिक रूप से किया। सम्मान समारोह का आयोजन कल 29 सितंबर को देहरादून में राजपुर रोड स्थित एनआइइपीवीडी सभागार में शाम चार बजे से होगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)प्रथम “विद्यासागर सम्मान” कथाकार सुभाष पंत को प्रदान किया गया था। संवेदना के डा जितेंद्र भारती, राजेश सकलानी ने बताया कि वर्ष 2022 का सम्मान समारोह कथाकार विद्यासागर नौटियाल के जन्मदिवस 29 सितंबर को देहरादून में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता के तौर पर कथाकार एवं समयांतर के सम्पादक पंकज बिष्ट होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कथाकार सुरेश उनियाल करेंगे। शेखर जोशी कथा लेखन को दायित्वपूर्ण कर्म मानने वाले सुपरिचित कथाकार हैं। शेखर जोशी की कहानियों का अंगरेजी, चेक, पोलिश, रुसी और जापानी भाषाओं में अनुवाद हुआ है। उनकी कहानी दाज्यू पर बाल-फिल्म सोसायटी द्वारा फिल्म का निर्माण किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
शेखर जोशी का जन्म उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के ओलिया गांव में सन् 1932 के सितंबर माह में हुआ था। शेखर जोशी का प्रारंभिक शिक्षा अजमेर और देहरादून में हुई। इन्टरमीडियेट की पढ़ाई के दौरान ही सुरक्षा विभाग में जोशी जी का ई.एम.ई. अप्रेन्टिसशिप के लिए चयन हो गया, जहां वो सन् 1986 तक सेवा में रहे तत्पश्चात स्वैच्छिक रूप से पदत्याग कर स्वतंत्र लेखन में संलग्न रहे हैं। हाल में ही उनकी आत्मकथा मेरा ओलिया गांव प्रकाशित हुई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
दाज्यू, कोशी का घटवार, बदबू, मेंटल जैसी कहानियों ने न सिर्फ शेखर जोशी के प्रशंसकों की लंबी जमात खड़ी की बल्कि नई कहानी की पहचान को भी अपने तरीके से प्रभावित किया है। पहाड़ी इलाकों की गरीबी, कठिन जीवन संघर्ष, उत्पीड़न, यातना, प्रतिरोध, उम्मीद और नाउम्मीदी से भरे औद्योगिक मजदूरों के हालात, शहरी-कस्बाई और निम्नवर्ग के सामाजिक-नैतिक संकट, धर्म और जाति में जुड़ी रुढ़ियां – ये सभी उनकी कहानियों के विषय रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
शेखर जोशी की प्रमुख प्रकाशित रचनाएं
कोशी का घटवार 1958
साथ के लोग 1978
हलवाहा 1981
नौरंगी बीमार है 1990
मेरा पहाड़ 1989
डागरी वाला 1994
बच्चे का सपना 2004
आदमी का डर 2011
एक पेड़ की याद
प्रतिनिधि कहानियां



