उत्तराखंड में चारधाम सहित ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी का दौर शुरू, दो दिन मैदानी इलाकों में सर्दी कोहरे का अलर्ट
उत्तराखंड में क्रिसमस के दिन से पहाड़ों की चोटियों में बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है। चारों धाम के साथ ही अन्य ऊंची चोटियों में रविवार को बर्फ गिरी। जो कि सोमवार को भी कहीं कहीं जारी है। आज भी उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले स्थानों पर कहीं कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में कुछ स्थानों पर घने कोहरे का ओरेंज अलर्ट है। इसके अलावा इन जिलों में आज और कल शीत लहर की स्थिति की भी संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में पर्याप्त गरम कपड़े पहनने, संभलकर यात्रा करने की सलाह दी गई है। साथ ही रात के समय मुख्य चौराहों आदि स्थानों पर प्रशासन को अलाव की व्यवस्था करने की भी सलाह दी गई है। देहरादून में भी सोमवार को कहीं कहीं बादल छाए हुए हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)आगामी मौसम का पूर्वानुमान
27 और 28 दिसंबर को राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद फिर से 29 और 30 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। तीन हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। करीब एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी जाएगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
सोमवार की सुबह करीब 11 बजे देहरादून का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 19 डिग्री और न्यूनतम आठ डिग्री रहने की संभावना है। कल 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद 28 दिसंबर से लेकर दो जनवरी तक अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान किसी दिन सात, किसी दिन आठ और किसी दिन दस डिग्री के करीब रहने की संभावना है। इस बीच देहरादून में 27 दिसंबर, 29 दिसंबर और एक जनवरी को देहरादून में बादल छाए रहने की संभावना है।



