हर दिन लग रहा महंगाई का झटका, पांच दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल और डीजल के दाम
देश में महंगाई हर दिन झटका दे रही है। पांच दिन में चौथी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। इससे पहले रसोई गैस, सीएनजी और पीएनजी के दाम में बढ़ाए जा चुके हैं।
देश में महंगाई हर दिन झटका दे रही है। पांच दिन में चौथी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। इससे पहले रसोई गैस, सीएनजी और पीएनजी के दाम में बढ़ाए जा चुके हैं। ईंधन के दामों में बढ़ोत्तरी का असर रोजमरा की वस्तुओं के दामों में वृद्धि के रूप में भी देखा जा रहा है। शनिवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 80-80 पैसे का इजाफा हुआ है। इस दौरान पेट्रोल और डीजल के दामों में से प्रत्येक की कीमत में 3.2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद से ही दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन पेट्रोल और डीजल के दामों में महज पांच दिनों में तीन रुपये से ज्यादा की वृद्धि ने आम उपभोक्ता की चिंता को बढ़ा दिया है।इस वृद्धि के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 98.61 रुपये प्रति लीटर होगी, जो पहले 97.81 रुपये थी, जबकि डीजल की कीमत 89.07 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 89.87 रुपये हो गई है। देश में 22 मार्च को संशोधित दर जारी करते हुए करीब साढे़ चार महीने के लंबे अंतराल के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए थे। अभी तक की गई सभी चारों बढ़ोतरी 80 पैसे प्रति लीटर की है। जून 2017 में दैनिक मूल्य संशोधन शुरू होने के बाद से ये एक दिन में सबसे तेज बढ़ोतरी है।
उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले 4 नवंबर से कीमतें स्थिर थीं। इस अवधि के दौरान कच्चे तेल की कीमतों में करीब 30 अमरीकी डालर प्रति बैरल की वृद्धि हुई है। 10 मार्च को विधानसभा चुनाव मतगणना समाप्त होने के बाद से ही दरों में संशोधन के कयास लगाए जा रहे थे। तेल कंपनियां ने कच्चे तेल की कीमतों में नवंबर की शुरुआत में करीब 82 अमेरिकी डॉलर की तुलना में 117 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी के बावजूद रिकॉर्ड 137 दिनों के लिए पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन नहीं किया था, अब उपभोक्ताओं को इसका बोझ डाल रहे हैं।
ऐसे चेक करें अपने शहर में तेल के दाम
देश में अंतरराष्ट्रीय कच्चा तेल बाजार के दामों के मुताबिक हर रोज ईंधन तेल के घरेलू दाम संशोधित किए जाते हैं। ये नए दाम हर रोज सुबह 6 बजे लागू हो जाते हैं।आप घर बैठे ईंधन की कीमत का पता कर सकते हैं। तेल की कीमत पता करने के लिए आपको इंडियन ऑयल मैसेज सेवा के तहत मोबाइल नंबर 9224992249 पर SMS भेजना होगा। इसके लिए आपको मैसेज में लिखना होगा- RSP<स्पेस>पेट्रोल पंप डीलर का कोड। अपने इलाके का RSP कोड जानने के लिए आप इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर जाकर के भी चेक कर सकते हैं। इसके बाद मैसेज के जरिये आपको ईंधन के ताजे भाव का अलर्ट मिल जाएगा।



