उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं ने की गन्ना विकास मंत्री से मुलाकात, रखी ये बात
उत्तराखंड में पूर्व नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के गन्ना विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मौके पर उन्हें किसानों की समस्याओं के सम्बन्ध में ज्ञापन सौंपा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)इस मौके पर प्रीतम सिंह ने कहा कि वर्ष 2020 से पूरा विश्व कोरोना महामारी से लडाई लड़ रहा है। इस महामारी से हमारा राष्ट्र भी अछूता नहीं रहा। वर्ष 2020 एवं 2021 में कोरोना महामारी के चलते लगाये गये लॉकडाउन के कारण राज्य के किसान अपनी पकी फसलों को समय पर नहीं काट पाये। जिन फसलों की कटाई हो भी चुकी थी, उन्हें मंडी तक भी नहीं पहुंचा पाए। इसके चलते किसानों को इन दो वर्षों में भारी आर्थिक कठिनाई का सामना करना पड़ा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने कहा कि राज्य का किसान पहले ही बैंकों के कर्ज के बोझ से दबा हुआ है। कई किसान राज्य में आत्महत्या तक करने को मजबूर हुए हैं। कोरोना महामारी एवं मौसम की दोहरी मार ने राज्य के किसानों को आर्थिक तथा मानसिक रूप से कमजोर कर दिया है। अब गन्ने की नई फसल तैयार हो चुकी है, परन्तु राज्य सरकार की ओर से अभी तक गन्ने का समर्थन मूल्य घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों द्वारा गन्ना किसानों की फसलों को मनमाने दामों पर खरीद कर उनका शोषण किया जा रहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्य के गन्ना किसानों का पिछला भुगतान भी अभी तक नहीं हो पाया है। दो माह के उपरान्त भी किसानों को उनकी फसलों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। अकेले इकबालपुर चीनी मिल का 150 करोड़ बकाया है। इससे राज्य के किसानों के सामने भुखमरी की स्थिति बनी हुई है। राज्य के किसानों द्वारा कृषि ऋण माफ किये जाने की मांग काफी लम्बे समय से की जा रही है। भाजपा ने 2017 तथा 2022 के विधानसभा चुनावों में किसानों से ऋण माफ करने का वादा भी किया था। ये वादा भी पूरा नहीं किया गया है। साथ ही सहकारी संस्थाओं में उर्बरको की भी कमी महसूस की जा रही है तथा किसानों को आगामी फसलों के लिए उर्बरक नहीं मिल पा रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि किसानों के बकाये का शीघ्र भुगतान करने के साथ ही सभी किसानों के कृषि ऋण माफ किये जाने चाहिए। साथ ही सहकारी संस्थाओं में उर्बरकों की समुचित मात्रा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही राज्य के किसानों की उपरोक्त समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाय। प्रतिनिधिमंडल में विधायक भुवन कापड़ी, विक्रम सिंह नेगी, आदेश चौहान, गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवान, कांग्रेस के पूर्व महानगर देहरादून कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, गौरव चौधरी, टीटू त्यागी, महेश जोशी, हिमांशु चौहान आदि शामिल थे।



