कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच यूपी के नोएडा में 31 मई तक धारा 144 लागू, मास्क अनिवार्य
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में कोरोना के बढ़ते मामलों को प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है। प्रशासन की ओर से पाबंदियों को बढ़ाया जा रहा है। इसके मद्देनजर गौतम बुद्ध नगर में धारा 144 लागू कर दी गई है।
देश में कोरोना के मामले बढ़ रहे मामलों के बीच एक बार फिर से पाबंदियां लगानी शुरू कर दी गई हैं। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में कोरोना के बढ़ते मामलों को प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है। प्रशासन की ओर से पाबंदियों को बढ़ाया जा रहा है। इसके मद्देनजर गौतम बुद्ध नगर में धारा 144 लागू कर दी गई है। फिलहाल यह धारा 31 मई तक के लिए लागू की गई है। साथ ही गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।दिल्ली में कोरोना के मामलों में एक बार फिर इजाफा हो रहा है, जिसने नोएडा में चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,485 नए मामले सामने आए। इसी के मद्देनजर गौतम बुद्ध प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय किया है। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के बयान में कहा गया है कि उच्च अधिकारियों की अनुमति के बिना किसी को भी विरोध प्रदर्शन या भूख हड़ताल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर पूजा और नमाज अदा करने की अनुमति भी नहीं होगी।
इसके साथ ही यह भी कहा गया कि परीक्षा केंद्रों के परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लाउडस्पीकर का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। उच्च अधिकारियों की अनुमति के बिना दुकानदार को लाउडस्पीकर या ऐसा कोई भी उपकरण किसी को भी बेचने या किराए पर लेने की अनुमति नहीं होगी।
बता दें कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3157 नए केस दर्ज किए गए। इस दौरान 25 लोगों की कोरोना से मौत हुई। अब तक कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 523869 हो गई है। पिछले 24 घंटे के भीतर 2723 मरीज स्वस्थ हुए। कोरोना के स्वस्थ होने वाले कुल लोगों की संख्या 42538976 हो गई है। वर्तमान में कोरोना के कुल एक्टिव केस 19500 हैं। इसके साथ ही देश में कुल कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 43082345 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 402170 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया है। अब तक कुल 1892398347 वैक्सीनेशन हो चुका है। अब तक देश में कुल 83.82 करोड़ सैंपल की टेस्टिंग हो चुकी है। पिछले 24 घंटों के अंदर 2,95,588 सैंपल की जांच की गई है।




