पलटवार: अब सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लगे पोस्टर, लिखा-बेईमान, रिश्वतखोर और तानाशाह
देश की राजधानी दिल्ली में अब पोस्टर वार छिड़ गई है। पहले पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिल्ली में पोस्टर लगे और इस मामले को आपत्तिजनक करार देते हुए दिल्ली पुलिस ने सौ से ज्यादा मुकदमे दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार किया। अब इन पोस्टरों पर पलटवार देखा गया है। अब सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी शहर की दीवारों पर पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। इसमें लिखा है कि बेईमान, रिश्वतखोर, तानाशाह। इससे आगे लिखा है कि अरविंद केजरीवाल को हटाओ दिल्ली बचाओ। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
ऐसे पोस्टर मंडी हाउस के पास भी देखे गए हैं। यहां खास बात है कि निवेदक की जगह बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम है। इससे पहले मंगलवार को पूरे दिल्ली शहर में पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ शहर भर में पोस्टर लगाए गए थे। पीएम मोदी के खिलाफ लगे पोस्टर में लिखा गया था कि-मोदी हटाओ देश बचाओ। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय से एक वैन भी जब्त की। इसमें ऐसे हजारों पोस्टर रखे हुए थे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इन पोस्टरों पर प्रिंटिंग प्रेस का नाम भी नहीं था और न ही ऐसी कोई जानकारी थी जिससे ये पता चल सके कि ये पोस्टर किसने छापे थे। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में सौ से ज्यादा एफआईआर दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार भी किया था। साथ ही शहर भर में लगे पोस्टरों को हटाया गया था। अब देखना है कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई एकतरफा रहती है, या फिर केजरीवाल के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों पर भी कार्रवाई करती है। देखने वाली बात तो ये भी है कि दिल्ली पुलिस क्या पीएम मोदी के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों की तरह केजरीवाल के खिलाफ लगे पोस्टरों को भी हटाती है या फिर चुप बैठ जाती है।



