Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 22, 2026

कोरोना के संबंध में उत्तराखंड में बाहर से आने वाले लोगों के लिए सरकार ने स्पष्ट की स्थिति, चारधाम यात्रियों को करना होगा ये काम

उत्तराखंड में बाहर से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं की कोविड जांच को लेकर भ्रम की स्थिति दूर करने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।

इन दिनों देशभर में कोरोना के केस धीरे धीरे बढ़ने लगे हैं। वहीं, उत्तराखंड के कई जिलों में मास्क को अनिवार्य भी कर दिया है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं लगाने पर पांच सौ से लेकर एक हजार रुपये का प्रावधान भी किया गया है। वहीं बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों को लेकर भी सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। भ्रम फैलाया जा रहा था कि उत्तराखंड में सख्ती होने जा रही है। ऐसे में इसका असर चारधाम यात्रा पर पड़ सकता है। इस पर उत्तराखंड में बाहर से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं की कोविड जांच को लेकर भ्रम की स्थिति दूर करने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिये निर्देश दिए कि अग्रिम आदेशों तक यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को राज्य की सीमा पर होने वाली असुविधा एवं भीड़ से बचाव करने के दृष्टिगत कोविड-19 टेस्टिंग वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट एवं अन्य किसी भी प्रकार की चेकिंग की अनिवार्यता नहीं है। सभी यात्री एवं श्रद्धालुओं को उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए पर्यटन विभाग की ओर से संचालित पोर्टल पर पूर्व की भांति पंजीकरण करना अनिवार्य है। शासन एवं प्रशासन स्तर पर स्थिति का निरन्तर अनुश्रवण किया जाए।
मुख्य सचिव ने आगामी चार धाम यात्रा की तैयारियों की समीक्ष भी की। बैठक में सचिव स्वास्थ्य, सचिव पर्यटन, सचिव धर्मस्व, सचिव परिवहन, पुलिस महानिदेशक मुख्य कार्यकारी अधिकारी बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति एवं अन्य अधिकारियों सहित यात्रा से जुड़े सभी जनपदों के जिलाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर एवं सचिव, स्वास्थ्य राधिका झा ने विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *