देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में जारी रहेगा बारिश का दौर, पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, चार दिन का अलर्ट, जानिए मौसम पूर्वानुमान
उत्तराखंड में देहरादून सहित कई जिलों में हर दिन बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। हालांकि, बारिश लगातार नहीं हो रही है। देहरादून में तो रात को बारिश हो रही है और जोरदार तरीके से बादल बरस रहे हैं। सुबह सब कुछ साफ नजर आ रहा है, ऐसा लगता है कि बारिश एक छलावा है। वैसे मई माह में देहरादून में बारिश देखी गई, लेकिन एक साथ पूरे जिले की बजाय कुछ क्षेत्र में ही बारिश होती थी। वो भी कुछ देर के लिए। इस बार तो बारिश की अवधि भी बढ़ गई है और दायरा भी। इसके चलते देहरादून में एक बार फिर से बहुत ज्यादा गर्मी से राहत मिल गई है। फिलहाल आज शनिवार 30 मई की सुबह से ही देहरादून सहित अधिकांश जिलों में धूप खिल गई थी और दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी बढ़ रही है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज 30 मई को राज्य के अनेक स्थानों पर, कल 31 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। 3600 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई पर बर्फ भी गिर सकती है। एक जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चार हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना है। शेष जिलों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
दो जून को राज्य के जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। तीन और चार जून को पर्वतीय जिलों में इसी तरह की बारिश और मैदानी जिले शुष्क रह सकते हैं। पांच जून को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। मैदानी जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे में मैदानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक रहा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में सामान्य से कम या काफी कम रहा। ये भी अनुमान है कि अगले एक से दो दिन के दौरान अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके बाद तीन से चार दिन के दौरान अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
चार दिन का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 30 मई को पर्वतीय जिलों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने, बारिश के अति तीव्र से तीव्र दौर की संभावना का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, मैदानी जिलों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट है। 31 मई के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में ओलावृष्टि का ओरेंज अलर्ट, शेष जिलों में येलो अलर्ट है। एक और दो जून के लिए राज्य के पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
आज 30 मई को देहरादून के तापमान में कुछ राहत है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके न्यूनतम 21 डिग्री रहने की संभावना है। 31 मई से लेकर छह जून तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 28, 31, 32, 32, 32, 33, 34 डिग्री रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 21, 23, 23, 23, 23, 23, 24 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।


