Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 13, 2026

उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी, आज छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

उत्तराखंड में इन दिनों बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि, अब मैदानी इलाकों में बारिश में कमी दर्ज की गई है। देहरादून जिले में तो पिछले तीन दिन से अधिकांश स्थानों पर बारिश नहीं हुई। फिर भी आगामी एक सप्ताह तक अभी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। साथ ही आज से लिए मौसम विभाग ने छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, देहरादून में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब है। कल से इसमें हल्की गिरावट संभव है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

आज के मौसम का हाल
रविवार 14 अगस्त की सुबह देहरादून सहित आसपास के इलाकों में धूप खिल गई थी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज राज्य के जिलों में कहीं कहीं तेज बौछार के साथ बारिश होगी। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। राज्य के बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिले में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी और देहरादून, नैनीताल जिले में कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। साथ ही तेज बौछार गिरेंगी। ऐसे में इन जिलों के साथ ही अन्य पर्वतीय इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

आगामी मौसम का पूर्वानुमान
कल 15 अगस्त से लेकर 18 अगस्त तक पहाड़ से लेकर मैदानी तक कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 15 से 17 अगस्त तक मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 18 अगस्त को नैनीताल और बागेश्वर जिले में कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में इन दो जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

तापमान की स्थिति
इन दिनों उमस भरी गर्मी पड़ रही है। देहरादून के तापमान की बात करें तो रविवार की सुबह साढ़े 11 बजे तक तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कल अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की कमी दर्ज की जा सकती है। यानि अधिकतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 16 से 18 अगस्त तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद दो दिन 19 और 20 अगस्त को इसमें एक डिग्री की कमी रह सकती है। यानि अधिकतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है। फिर 21 अगस्त को इसमें एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। देहरादून में बारिश का सिलसिला 21 अगस्त तक जारी रह सकता है।