उत्तराखंड में आज से पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का दौर, मैदानों में कल से होगी बारिश
उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम में बदलाव होने जा रहा है। आज पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसके बाद अगले दो दिन पूरे राज्यभर में बारिश के आसार बन रहे हैं। ऐसे में 29 और 30 जनवरी को कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। यदि हम आज 28 जनवरी के मौसम की बात करें तो देहरादून सहित आसपास के इलाकों में सुबह से ही धूप खिली हुई है। इसमें कल से बदलाव की उम्मीद है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होगी और हरिद्वार व उधमसिंह नगर जिले के कुछ भाग में कोहरा रहेगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 29 और 30 जनवरी को राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। 2200 मीटर या 2500 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इन दो दिन उत्तराकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, नैनीताल, देहरादून जिले में कहीं कहीं भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ ही देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में कहीं कहीं गर्जन के साथ ओलावृष्टि होगी और आकाशीय बिजली चमकेगी। ऐसे में इन दो दिन मौसम का यलो अलर्ट है। 31 को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं हल्की बारिश की संभावना है। राज्य के शेष इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
इन दिनों देहरादून का तापमान बढ़ा हुआ है। शनिवार 28 जनवरी की पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे देहरादून का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहने की संभावना है। 29 जनवरी को अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और 16 डिग्री रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान बढ़कर 12 डिग्री हो सकता है। 30 जनवरी को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री रह सकता है। इसके बाद फिर से तापमान में वृद्धि होगी। 31 जनवरी से चार फरवरी तक अधिकतम तापमान 19 डिग्री से लेकर 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री से 11 डिग्री के बीच रह सकता है। इस बीच देहरादून में 29 और 30 जनवरी को बारिश हो सकती है। तीन जनवरी को देहरादून में बादल छाए रह सकते हैं।



