प्रमोशन: उत्तराखंड पुलिस के 1249 हेड कांस्टेबल प्रोन्नत होकर बने अपर उपनिरीक्षक, जल्द बनेंगे 3000 कांस्टेबलों से हेड कांस्टेबल
उत्तराखंड पुलिस के जवानों के लिए खुशखबरी है। 1249 हेड कांस्टेबल प्रमोशन पाकर अपर उपनिरीक्षक बन गए हैं। उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सभी पदोन्नत पुलिस कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों की ग्रेड-पे की समस्या का समाधान करते हुए माननीय मुख्यमंत्री द्वारा अपर उपनिरीक्षक का नया पद सृजित करते हुए 1750 पद स्वीकृत किये गये थे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इसके बाद विभागीय चयन समिति द्वारा प्रमोशन के लिए 1249 हेड कांस्टेबल उपयुक्त पाए गए। उन्हें अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान कर दी गयी है। अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने से पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ा है। नए विवेचक मिलने से विवेचना की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। साथ ही सभी कांस्टेबल कम से कम अपर उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त होंगे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न शाखा, इकाइयों से कुल 1249 हेड कांस्टेबल प्रमोशन पाकर अपर उपनिरीक्षक बने हैं। इनमें नागरिक पुलिस पुरूष- 328, नागरिक पुलिस महिला- 32, अभिसूचना- 58, सशस्त्र पुलिस- 377, पीएसी- 422, एमटी- 23, आरमोरर- 07, घुड़सवार- 02 हैं। विभागीय कार्यवाही के चलते 19 कर्मियों का प्रमोशन रुका है। पदोन्नति के लिए हेड कांस्टेबल पद पर दो वर्ष की सेवा की आर्हता होने के कारण 482 हेड कांस्टेबल अपर उपनिरीक्षक के पद के लिए आर्ह नहीं हो पाए। इस कारण यह पद रिक्त रह गए हैं। शासन से शिथिलीकरण लेकर इन पदों को भी भरने के प्रयास किये जाएंगे। इसके साथ ही लगभग 3000 कांस्टेबलों की हेड कांस्टेबल पद पर एक सप्ताह में पदोन्नति कर दी जाएगी।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



