फैक्ट्री में चोरी के लिए घुसा शातिर, सुरक्षा कर्मी ने दिखाई सूझबूझ, पता चला यूपी पुलिस से कर चुका है मुठभेड़
देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में एक कंपनी में चोरी के लिए घुसे शातिर को सुरक्षा कर्मी ने सूझबूझ का परिचय देकर पकड़वा दिया। पुलिस ने जब उसका इतिहास खंगाला तो वह शातिर हिस्ट्रीशीटर निकला, जो उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर की मनसूरपुर पुलिस से मुठभेड़ भी कर चुका है।
पुलिस के मुताबिक गत देर रात लांघा रोड पर स्थित ELDER PHANAVO COMPANY में एक व्यक्ति चोरी की नियत से घुस गया। उस पर कंपनी के सुरक्षा गार्ड महावीर सिंह रावत की नजर पड़ी तो उसने पुलिस को फोन कर दिया। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए शातिर की पहचान गुलाब उर्फ भिखारी पुत्र राजाराम निवासी मनसूरपुर जिला मुजफ्फनगर के रूप में हुई। जब उसके बारे में जानकारी जुटाने के लिए मंसूरपुर थाने में फोन किया गया तो पता चला कि वह उक्त थाने का हिस्ट्रीशीटर है। अक्टूबर माह में पुलिस से मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली भी लगी थी।




