देहरादून सहित उत्तराखंड के तीन जिलों में आज बहुत भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट, पांच जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित, राज्यभर में 308 सड़कें बंद
उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है। मंगलवार की सुबह से लेकर बुधवार की सुबह तक देहरादून में रुक रुक कर बारिश होती रही। इसके चलते राजधानी की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई। यही हाल अन्य मैदानी जिलों हरिद्वार और उधमसिंह नगर का भी है। पर्वतीय क्षेत्र में भूस्खलन के चलते 308 सड़कें अवरुद्ध हैं। वहीं, नदी और नालों का जल प्रवाह बढ़ने से हर जिले के प्रशासन की ओर से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सचेत किया जा रहा है। आज देहरादून, उत्तरकाशी, कहीं कहीं भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, देहरादून को छोड़कर चमोली, चंपावत, नैनीताल समेत पांच जिलों में पहली कक्षा से लेकर 12वीं तक के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज बुधवार तीन सितंबर से लेकर नौ सितंबर तक राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर गर्जन और बौछार के साथ हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आज के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिले के लिए कहीं कहीं बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। चार से सात सितंबर तक राज्यभर के जिलों में येलो अलर्ट है। लोगों को सलाह दी गई है कि बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और सचेत रहें। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून के अधिकतम तापमान में वृद्धि
अब देहरादून के अधिकतम तापमान में वृद्धि रहने की संभावना है। बुधवार तीन सितंबर की सुबह करीब पौने 11 बजे तक देहरादून का तापमान अधिकतम सीमा 25 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। इसके न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना है। चार सितंबर से लेकर 10 सितंबर तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 28, 28, 28, 28, 28, 28, 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23, 23, 22, 23, 22, 22, 21 डिग्री रह सकता है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



